दुष्कर्म कर मांग ली माफी: 'कमरे में ले गया... कोल्ड ड्रिंक पिलाई और खो बैठी सुध-बुध', लड़की ने बयां की आपबीती
Delhi Crime News Today: युवती का आरोप है कि आरोपी ने होटल में दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील फोटो और वीडियो बनाए। विरोध करने पर आरोपी ने उसकी पिटाई कर दी। लेकिन बाद में माफी मांगी और शादी करने की बात कही।
विस्तार
जगतपुरी इलाके में शादी का झांसा देकर 24 साल की युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि शादी का दबाव देने पर आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया और उसके अश्लील वीडियो और फोटो को वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
24 साल की युवती परिवार के साथ जगतपुरी इलाके में रहती है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि इस साल फरवरी माह में लक्ष्मी नगर स्थित एक कैफे में उसकी मुलाकात करण नाम के युवक से हुई थी। दोनों ने एक दूसरे का मोबाइल नंबर लिया और फिर बातचीत करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके परिवार के सामने उससे शादी करने का प्रस्ताव रखा। उसके बाद वह शादी करने का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। आरोप है कि 28 अक्तूबर को आरोपी उसे एक होटल में ले गया और वहां कोल्ड ड्रिंक पिलाई। जिसके पीने के बाद उसे बेहोशी छाने लगी।
इसके बाद वह उसे होटल के कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने वहां उसकी अश्लील फोटो और वीडियो बनाए। विरोध करने पर आरोपी ने उसकी पिटाई कर दी। लेकिन बाद में माफी मांगी और शादी करने की बात कही। लेकिन बाद में शादी करने की बात को लेकर वह टाल मटोल करने लगा।
आरोप है कि पीड़िता ने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया तो उसने उसके अश्लील फोटो व वीडियो को वायरल करने की धमकी देने लगा। उसके बाद पीड़िता ने इसकी शिकायत जगतपुरी थाने में की। पुलिस ने शिकायत पर छानबीन करने के बाद 24 दिसंबर को मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।