दिल्लीः लावारिस बैग से हड़कंप, स्कूल कराया खाली
दक्षिण दिल्ली के वसंत विहार इलाके में एक मॉडर्न स्कूल में लावारिस बैग में बम होने की सूचना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। बैग मिलते ही तुरंत बम निरोधी दस्ते को मौके पर बुलाया गया।
दरअसल बृहस्पतिवार दिन में वसंत विहार के मॉडर्न स्कूल में एक लावारिस बैग पाया गया। जब उस बैग का कोई मालिक सामने नहीं आया तो उसमें बम होने की बात होने लगी और उसी के बाद पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद बम निरोधी दस्ता मौके पर पहुंचा।
डीसीपी साउथ दिल्ली ने बताया कि उन्हें वसंत विहार में बम होने का फोन आया था। उन्होंने बताया कि इस वक्त एसीपी, एसएचओ स्कूल स्टाफ के साथ मौके पर मौजूद हैं।
खाली कराया गया स्कूल
पुलिस ने ये भी बताया कि स्कूल को खाली करा लिया गया है और बैग की तलाश जारी है। डीसीपी ने ये भी बताया कि पुलिस दल हर तरह से जांच कर रही है ताकि किसी भी तरह का कोई डिवाइस चेकिंग में बच न पाए।
डीसीपी साउथ ने बताया कि अभी स्कूल में स्थिति सामान्य बनी हुई है और पुलिस अपनी जांच कर रही है। किसी भी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है।