दिल्ली BJP में फेरबदल जल्द, मनोज तिवारी बोले- जून में होंगी नई नियुक्तियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी जल्द ही टीम में भारी फेरबदल करने वाले हैं। तीनों नगर निगम में महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त होने वाले पार्षदों की वह प्रदेश टीम से छुट्टी करेंगे। इसके अलावा वह उन पदाधिकारियों पर भी गाज गिराएंगे जो अधिक सक्रिय नहीं हैं और गुटबाजी में लिप्त रहते हैं। संभवत: एक दर्जन पदाधिकारियों को बदले जाने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, तिवारी उन सभी पार्षदों को संगठन के पदों से मुक्त करेंगे, जिनको नगर निगम में महत्वपूर्ण पद दिए गए हैं। उन्होंने ऐसे आधा दर्जन से अधिक पार्षदों के नाम तय कर लिए हैं। तिवारी उन पदाधिकारियों को भी हटाएंगे, जिनके बारे में नगर निगम चुनाव में ठीक से कार्य नहीं करने की शिकायत मिली है।
इसके अलावा ऐसे पदाधिकारियों की भी छुट्टी होगी जो संगठन में सक्रिय होने के बजाय अपने आकाओं के यहां हाजिरी बजाने में लगे रहते हैं। वहीं प्रदेश कार्यालय में बैठकर संगठन को कमजोर करने और पार्टी के विरोध में कार्य करने वाले पदाधिकारियों का भी पत्ता साफ होगा।
सूत्र बताते हैं कि तिवारी अपनी टीम से संतुष्ट नहीं हैं। इस संबंध में उन्होंने टीम के गठन के बाद अपनी नाराजगी जताई थी। दरअसल, उनकी टीम का गठन उनसे राय लिए बिना कर दिया गया था। प्रदेश टीम में अधिकतर पदाधिकारी केंद्रीय मंत्री विजय गोयल और प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू के चहेते बताए जाते हैं। उन्होंने ही प्रदेश टीम का गठन किया था।
मनोज तिवारी ने दिए संकेत-किनकी होंगी छुट्टी
मनोज तिवारी ने ‘अमर उजाला’ के समक्ष प्रदेश संगठन में परिवर्तन की पुष्टि करते हुए कहा कि जून में कुछ नेताओं को संगठन की जिम्मेदारी से मुक्त करके उनके स्थान पर दूसरे नेताओं की नियुक्ति की जाएगी। विशेषकर पार्षद बने नेताओं को हटाया जाएगा। उनकी जगह पूर्व विधायकों, पूर्व पार्षदों और उन नेताओं को स्थान दिया जाएगा जो पहले संगठन में रह चुके हैं और उन्होंने बेहतर कार्य किया है।
प्रदेश टीम से दक्षिण दिल्ली नगर निगम की महापौर कमलजीत सहरावत, उत्तरी दिल्ली नगर निगम की महापौर प्रीति अग्रवाल, पार्षद शिखा राय, जयप्रकाश, पूनम पाराशर झा आदि की छुट्टी तय है।