Delhi Assembly Elections 2025 : चुनाव प्रचार ने पकड़ी रफ्तार, नेताओं ने खूब चलाए जुबानी तीर
प्रचार में तेजी है और यह रफ्तार के साथ अंतिम चरण में है। ऐसे में नेताओं के एक-दूसरे पर और दलों पर खूब तीर चल रहे हैं।
विस्तार
दिल्ली में सत्ता के लिए संग्राम जारी है। प्रचार में तेजी है और यह रफ्तार के साथ अंतिम चरण में है। ऐसे में नेताओं के एक-दूसरे पर और दलों पर खूब तीर चल रहे हैं। इस बार का मुकाबला दिलचस्प है और भाजपा सत्ता में वापसी का दावा कर रही है वहीं आप का दावा है कि सरकार उसकी ही बनेगी।
चुनाव में बड़ी जीत की ओर बढ़ रही भाजपा : अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा प्रत्याशियों के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया। कस्तूरबा नगर, कालकाजी और बदरपुर विधानसभा क्षेत्रों में दो रोड शो और एक जनसभा की। प्रचार की शुरुआत कस्तूरबा नगर विधानसभा क्षेत्र के अमर कॉलोनी में रोड शो से हुई। स्थानीय सांसद बांसुरी स्वराज, उम्मीदवार नीरज बसोया और सैकड़ों लोग पैदल चल रहे थे। जैसे ही उनका काफिला अमर कॉलोनी की गलियों से गुजरा, लोगों ने फूलों की पंखुड़ियों की वर्षा की गई, मालाएं पहनाईं और गर्मजोशी से स्वागत किया।
मीडिया से बातचीत में शाह ने कहा कि जनता की प्रतिक्रिया से साफ है कि भाजपा कस्तूरबा नगर विधानसभा में बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। शाह ने बदरपुर विधानसभा क्षेत्र के मीठापुर और अन्य आस-पास के इलाकों में दूसरा बड़ा रोड शो किया। इस दौरान दक्षिण दिल्ली सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी और स्थानीय उम्मीदवार नारायण दत्त शर्मा भी एक खुली जीप में उनके साथ नजर आए। कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के गोविंदपुरी में एक बड़ी जनसभा की मंच से बिधूड़ी को अपना दोस्त और आम जन का नेता बताया। अमित शाह ने केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा, चुनाव में जीत-हार सामान्य बात है, लेकिन दिल्ली की जनता को डराना और हरियाणा सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाना ओछी राजनीति का उदाहरण है।
गृहमंत्री अमित शाह ने केजरीवाल से पूछे तीन सवाल
- अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि उनके पास रिपोर्ट है। अगर ऐसा है, तो वह उस रिपोर्ट को सार्वजनिक करें और हम समस्या का समाधान करेंगे।
- केजरीवाल ने आरोप लगाया कि हरियाणा ने पानी में जहर मिलाया। उस जहर का नाम क्या है? उसका प्रमाण दें।
- केजरीवाल ने दावा किया कि उन्होंने प्रदूषित पानी को रोका, जिससे दिल्ली के लोग बचे। तो दिखाएं कि आपने वह आदेश कब और कैसे जारी किया।
छोटी कार से आए थे, अब शीशमहल में रहते हैं: राहुल
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। राहुल ने कहा कि केजरीवाल के मन में जो भी आता है, कह देते हैं। जब सियासत में आए थे तो छोटी सी गाड़ी थी। तब कहा था नए तरीके की राजनीति करूंगा और दिल्ली को बदल दूंगा। एक बार बिजली के पोल पर चढ़ गए थे, लेकिन जब गरीबों को उनकी जरूरत थी तब नहीं दिखे। जब दिल्ली में हिंसा हुई तब कहीं नहीं दिखे। साफ राजनीति का दावा करते थे और सबसे बड़ा शराब घोटाला दिल्ली में हुआ है। यह सच्चाई है कि केजरीवाल शीश महल में रहते हैं।
पटपड़गंज के वेस्ट विनोद नगर और ओखला के जामिया नगर की चुनावी सभाओं में भाजपा पर वार करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ भाजपा व आरएसएस के लोग हैं, जो देश में नफरत और हिंसा फैलाते है। दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी और हमारी विचारधारा है। हम लोग नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलते हैं। हमें नफरत, डर और हिंसा वाला हिंदुस्तान नहीं चाहिए।
हमें मोहब्बत की दुकान चाहिए। राहुल गांधी के मुताबिक, हमारी लड़ाई संविधान बचाने की है। भाजपा ने साफ कहा था कि 400 पार, हम संविधान को बदल देंगे। उनके नेताओं ने कहा कि संविधान को हम बदलेंगे। नई संसद का उद्घाटन होता है तो पीएम मोदी कहते हैं कि राष्ट्रपति उसका उद्घाटन नहीं करेंगी। जबकि इस देश का संविधान सभी को एक समान मानता है। संविधान में लिखा हुआ है कि इस देश में किसी को नहीं डरना चाहिए। इसमें यह भी नहीं लिखा है कि एक ही अरबपति को सारा काम पकड़ा देना चाहिए। ये लोग एक जाति को दूसरी जाति से लड़ाना चाहते हैं।
आरएसएस पर भी किया प्रहार
राहुल ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, कुछ दिन पहले उन्होंने कहा कि देश को आजादी मोदी के आने के बाद मिली। इसका मतलब मोहन भागवत ने संविधान और आंबेडकर जी का अपमान किया। वो कह रहे हैं कि जब राम मंदिर का उद्घाटन हुआ तब आजादी मिली। राम मंदिर के उद्घाटन में कोई गरीब आदमी आपको नहीं दिखा होगा। हमारी राष्ट्रपति आदिवासी हैं, उनको वहां नहीं जाने दिया गया। नई पार्लियामेंट का उद्घाटन होता है तो मोदी जी कहते हैं वो वहां नहीं जाएंगी। संविधान कहता है कि देश के सब लोग समान हैं। कोई कम नहीं है, कोई बड़ा छोटा नहीं है। हिंदुस्तान के सभी नागरिक एक समान हैं।
केजरीवाल बोले- भाजपा सारी सुविधाएं बंद कर देगी
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को घोंडा और करावल नगर विधानसभा में जनसभाएं कीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद सबसे पहले महिला सम्मान योजना लागू करके हर महिला के खाते में 2500 रुपये हर महीने डालेंगे। मुफ्त बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिलाओं की बस यात्रा समेत अन्य सुविधाओं की वजह से हर परिवार को 25 हजार रुपये का फायदा हो रहा है, लेकिन भाजपा आ गई तो सारी सुविधाएं बंद कर देगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने एलान भी कर दिया है कि अगर वह आए तो फ्री की सारी सुविधाएं बंद कर देंगे। उन्होंने कहा कि आप सरकार जनता के पैसे से दिल्लीवालों को सुविधाएं देती है और भाजपा अरबपतियों के करोड़ों रुपये के कर्ज माफ कर देती है। केजरीवाल ने कहा कि मैं राजनीति नहीं सीख पाया। मैं पहले भी इंजीनियर था, आज भी इंजीनियर हूं। मुझसे बिजली, पानी ठीक करा लो, सड़के, स्कूल, अस्पताल बनवा लो, शानदार बना दूंगा। लेकिन, राजनीति नहीं आती है।
यह राजनीति भाजपा और कांग्रेस वालों को मुबारक हो। इनके 20 राज्यों में 24 घंटे बिजली नहीं आती है, वैसे ही दिल्ली की भी बिजली गुल हो जाएगी। केजरीवाल ने कहा, दिल्ली में 24 घंटे और फ्री बिजली आती है। अमेरिका, इंग्लैंड समेत कहीं भी ऐसा नहीं है, जहां फ्री बिजली मिलती हो।