{"_id":"6aff5da8c0dd5e393f032016","slug":"death-in-a-road-accident-in-east-delhi-2026-11-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली में दर्दनाक हादसा: बाइक टैक्सी से दफ्तर जा रही युवती को ट्रक ने मारी टक्कर, 10 मीटर तक घसीटा; हो गई मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली में दर्दनाक हादसा: बाइक टैक्सी से दफ्तर जा रही युवती को ट्रक ने मारी टक्कर, 10 मीटर तक घसीटा; हो गई मौत
Fri, 20 Nov 2026 02:06 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Fri, 20 Nov 2026 02:06 AM IST
सार
मृतका की पहचान करावल नगर निवासी एकता (32) के रूप में हुई है। वह गाजियाबाद की दूध की एक कंपनी में फील्ड एजेंट थीं।
विज्ञापन
demo
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
नंद नगरी फ्लाईओवर पर बृहस्पतिवार सुबह एक ट्रक की टक्कर से बाइक टैक्सी पर पीछे बैठी युवती की मौत हो गई। ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मारी थी, जिससे युवती गिर गई। इसके बाद ट्रक उसे घसीटते हुए 10 मीटर तक ले गया। हादसे के समय युवती ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।
विज्ञापन
मृतका की पहचान करावल नगर निवासी एकता (32) के रूप में हुई है। वह गाजियाबाद की दूध की एक कंपनी में फील्ड एजेंट थीं। ज्योति नगर थाना पुलिस ने लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर ट्रक चालक नवीन को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विज्ञापन
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि एकता परिवार के साथ करावल नगर में रहती थीं। परिवार में उनके माता-पिता और अन्य सदस्य हैं। बृहस्पतिवार सुबह वह घर से दफ्तर जाने के लिए बाइक टैक्सी से निकली थीं। सुबह करीब 6:46 बजे बाइक टैक्सी वजीराबाद रोड से गाजियाबाद की ओर जा रही थीं। जैसे ही बाइक नंद नगरी फ्लाईओवर पर चढ़ने लगी, पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
विज्ञापन
टक्कर लगने के बाद बाइक चालक ने किसी तरह बाइक को गिरने से बचा लिया, लेकिन पीछे बैठी एकता का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर ट्रक के नीचे आ गईं। ट्रक उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया और 10 मीटर दूर तक घसीटता ले गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने ट्रक चालक को मौके पर ही पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची ने घायल एकता को तुरंत राजीव गांधी अस्पताल पहुंचाया, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक में सीमेंट के कट्टे लदे हुए थे। पुलिस फ्लाईओवर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे की पूरी वजह पता चल सके। पुलिस बाइक चालक से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और सीसीटीवी फुटेज में बाइक चालक की गलती सामने आने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
