अगले साल बनेगी डीडीए की स्मार्ट सिटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विकास प्राधिकरण ने द्वारका, रोहिणी और नरेला के बाहरी इलाके में स्मार्ट सिटी विकसित करने की योजना बनाई है। करीब 20 से 24 हेक्टेयर में बनाई जाने वाली स्मार्ट सिटी, वेस्ट मैनेजमेंट समेत अन्य आधुनिकतम तकनीक व विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस होंगी।
ग्रीन टेक्नोलॉजी आधारित स्मार्ट सिटी में वाई-फाई सुविधा से लेकर वर्षा जल संचयन का इंतजाम होगा। इसके अलावा डीडीए बुजुर्गों के लिए फ्लैट बनाने की तैयारी में जुटा है।
इस साल कोई नई आवासीय योजना नहीं लाने जा रहा है। डीडीए की अगली आवासीय योजना-2016 में आएगी। इसमें 40 हजार से ज्यादा फ्लैट होंगे। डीडीए उपाध्यक्ष बलविंदर कुमार ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फिलहाल 45,962 फ्लैट बनाने का काम शुरू हो गया है।
जबकि 16,800 फ्लैट के निर्माण की योजना आखिरी चरण में है। इससे इस साल में करीब 62,000 फ्लैट के निर्माण पर काम शुरू कर देगा। इनमें से आम जनता के लिए 24,660 एलआईजी फ्लैट होंगे। सभी निर्माण पर्यावरण पर अतिरिक्त दबाव डाले बिना तैयार हो रहे हैं।
बुजुर्गों के लिए फ्लैट
डीडीए दिल्ली के तीन हिस्सों द्वारका, रोहिणी और मैदान गढ़ी इलाके में लगभग 2500 फ्लैट बनेंगे। इन्हें 60 साल से अधिक उम्र के लोगों का आवंटित किया जाएगा। खास बात यह कि डीडीए ने योजना बुजुर्गों की सुरक्षा और एकाकीपन को दूर करने के मकसद से शुरू की है। इसके लिए डीडीए बैंकों से भी सहयोग लेगा।
90 साल की संपत्तियां होंगी फ्री होल्ड
डीडीए करोलबाग, पहाड़गंज की हजारों संपत्तियों को फ्री होल्ड करने का फैसला किया है। इनको 90 साल की लीज पर दिया था। फिलहाल इनकी अवधि खत्म हो गई है। इससे संपत्ति धारकों पर लटकी तलवार हट जाएगी।
इनका भी रहेगा खास ख्याल
डीडीए अमीरों को आवास देने की योजना पर काम कर रहा है। डीडीए की मानें तो आधुनिक सुविधाओं से युक्त दो हजार मकान द्वारका में तैयार होंगे। सभी फ्लैट डुप्लेक्स होंगे। इनमें स्वीमिंग पूल, स्पा, क्लब आदि सुविधाएं डीडीए मुहैया कराएगा। योजना खेल गांव की तरह इन फ्लैटों को तैयार करने की है।
कड़कड़डूमा में बनेगा सबसे ऊंचा टावर
कड़कड़डूमा में राजधानी का सबसे ऊंचा टावर बनेगा। ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट मोड पर इस टावर को बनाया जाएगा। मालूम हो कि हाल ही में 80 मंजिली इमारत के निर्माण की मंजूरी मिली है।
द्वारका में बनेगा फाइनेंसियल हब
मुंबई की तर्ज पर द्वारका को फइनेंसियल हब के तौर पर विकसित करने की योजना तैयार की गई है। डीडीए के मुताबिक इस बारे में संबंधित मंत्रालय तक प्रस्ताव भेजा जा चुका है। डीडीए राजधानी में साइकिल शेयरिंग प्राजेक्ट और इलेक्ट्रिक बसों को शुरू करने की योजना पर भी काम कर रहा है।