पति से तलाक मांगने पर महिला को सास व अन्य महिलाओं ने भरी पंचायत में जमकर पीटा
पति से तलाक मांगने व उत्पीड़न पर एफआईआर दर्ज कराने वाली मुरादनगर निवासी महिला को रविवार को भरी पंचायत में सास समेत कई महिलाओं ने जमकर पीटा। तालिबानी फरमान सुनाते हुए पंचायत ने पति के खिलाफ जाने पर इसे शरीयत का उल्लंघन करार दिया। उधर, पुलिस किसी पंचायत के होने से इंकार कर रही है।
मुरादनगर की एक कालोनी में रविवार को महिला के खिलाफ पंचायत बुलाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। पंचायत में महिला के साथ ही उसकी सास को भी बुलाया गया।
पीड़ित महिला ने सास और पति पर कई दिनों से मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। इसी से तंग आकर उसने पति से तलाक मांगा था, लेकिन तलाक मांगने पर पति ने पीटा और निजी अंगों को बीड़ी से दागकर घावों में लाल मिर्च डाल दी।
शिकायत के आधार पर सास को हिरासत में ले लिया
पंचायत में महिला ने कहा कि ऐसे हालात में उसके पास एफआईआर दर्ज कराने के सिवाय कोई चारा नहीं था। इतने में महिला की सास भड़क गई, वहीं पंचायत में मौजूद लोगों ने शरीयत का हवाला देते हुए कहा कि इस्लाम पत्नी को पति के खिलाफ जाने की इजाजत नहीं देता है।
इस दौरान सास और उसके साथ मौजूद अन्य महिलाओं ने पीड़िता को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान वहां मौजूद लोग बीच बचाव को भी नहीं आए। एसओ मुरादनगर रणवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर सास को हिरासत में ले लिया है और पीड़ित महिला समेत सास को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
घटना संदिग्ध लग रही है, मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि गत छह जुलाई को पीड़ित महिला ने पति के खिलाफ थाना मुरादनगर में उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद पति को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है।