दिल्लीः सुपारी देकर कराई गई थी स्क्रैप डीलर की हत्या, दो सुपारी किलर गिरफ्तार
कृष्णा नगर इलाके में स्क्रैप डीलर की हत्या के मामले में शामिल दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से दो पिस्तौल और नौ कारतूस बरामद हुए हैं।
आरोपियों ने खुलासा किया है कि व्यावसायिक वर्चस्व को लेकर दूसरे स्क्रैप डीलर ने सुपारी देकर हत्या कराई थी। पुलिस आरोपी स्क्रैप डीलर अनवर अहमद अली की तलाश में जुट गई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान न्यू सीलमपुर निवासी रिहान (32) और फैजान (24) के रूप में हुई है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त देवेंद्र आर्य ने बताया कि 22 नवंबर को सीलमपुर थाना पुलिस को दोनों बदमाशों के शास्त्री पार्क इलाके में आने की सूचना मिली। एसीपी शशांक जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दी। उसी दौरान बाइक पर सवार होकर आ रहे दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
एक बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी
पुलिस को देखते ही दोनों वहां से भागने लगे और एक बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। गोली किसी को नहीं लगी। पुलिस ने पीछा कर दोनों बदमाशों को दबोच लिया।
बदमाशों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उन्हें रुपयों की जरूरत थी। उसी दौरान सीलमपुर निवासी स्क्रैप डीलर अनवर अहमद अली ने उन्हें ब्रह्मपुरी निवासी स्क्रैप डीलर जफर कुरैशी की हत्या करने पर मोटी रकम देने का वायदा किया।
उसी के कहने पर उन लोगों ने 24 अक्तूबर को कृष्णा नगर इलाके में जफर कुरैशी की गोली मारकर कर हत्या कर दी। घटना के बाद से दोनों दिल्ली के अलग अलग इलाके में पुलिस ने छिप कर रह रहे थे।
पुलिस ने बताया कि अनवर अहमद अली और जफर कुरैशी अवैध स्क्रैप का धंधा करते थे। इस बात को लेकर उनके बीच व्यावसायिक झगड़ा चल रहा था। बदमाशों के खुलासे के बाद पुलिस सुपारी देकर हत्या करवाने वाले अनवर की तलाश में जुट गई है।