कार रोकने पर हवलदार को किया लहूलुहान, दोस्त ने चबाई अंगूली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली पुलिस के हवलदार के बेटे की गलत दिशा से आ रही कार को रोकना यातायात पुलिस के एक हवलदार के लिए भारी पड़ गया। कार रोकने पर आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर हवलदार पर हेलमेट से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। इतना ही नहीं आरोपी के दोस्त ने उसके सहयोगी होमगार्ड के जवान की अंगुली चबा डाली।
घटना के बाद भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को हवलदार ने दबोच लिया। जबकि उसका सहयोगी भागने में कामयाब हो गया। पीड़ित की शिकायत पर नार्थ रोहिणी थाना पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट करने का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक सत्यवीरा सिंह (48) यातायात के रोहिणी सर्किल में बतौर हवलदार तैनात है। रविवार रात सत्यवीर अपने सहयोगी होमगार्ड होतीलाल के साथ बाइक से रिठाला की ओर गश्त कर रहा था।
इसी दौरान एक मारुति स्विफ्ट कार गलत दिशा की ओर से आती दिखी। सत्यवीर ने चालक को रूकने का इशारा किया। कार रोकने पर सत्रयवीर ने उसे गलत दिशा से आने का कारण पूछा।
कार से उतरते ही किया गाली गलौज और धक्का मुक्की
सत्यवीर के मुताबिक कार में दो लोग सवार थे और दोनों शराब के नशे में धुत थे। कार चला रहे युवक की पहचान बुध विहार निवासी हेमंत के रूप में हुई। वहीं दूसरे की पहचान नितिन के रूप में हुई।
दोनों कार से उतरते ही गाली गलौज और धक्का मुक्की शुरू कर दी। सत्यवीर ने बचाव की कोशिश की तो हेमंत ने सत्यवीर की बाइक पर रखे हेलमेट को उठाकर उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार करने लगा।
जिससे सत्यवीर लहूलुहान हो गया। वहीं होतीलाल ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो नितिन ने होतीलाल की अंगुली को दांत से चबा लिया और वहां से फरार हो गया। घटना के बाद भाग रहे आरोपी को सत्यवीर ने दबोच लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हेमंत को गिरफ्तार कर लिया।
जबकि सत्यवीर और होतीलाल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हेमंत का पिता दिल्ली पुलिस में बतौर हवलदार कार्यरत है। पुलिस नितिन की तलाश कर रही है।