सात मिनट में गैस कटर से काट देते थे एटीएम, दिल्ली पुलिस के एक जवान की हत्या करने का भी आरोप
ओडिशा और गुरुग्राम पुलिस द्वारा नावली गांव से दबोचे गए दोनों बदमाशों पर पर गैस कटर से 15 एटीएम काटने एवं पांच बैंकों से साढ़े सात करोड़ रुपये लूटने के आरोप हैं। इतना ही नहीं बल्कि दिल्ली पुलिस के एक जवान की हत्या करने का भी इन पर आरोप है।
ओडिशा पुलिस के पुलिस महानिदेशक केबी सिंह, कटक के एसीपी बृजेश सिंह ने दिसंबर माह में स्पेशल स्क्वायड इंस्पेक्टर अजय कुमार दास, कटक एसएचओ तपन कुमार स्वाई, देबोप्रसाद एवं अनिल कुमार नाथ को मेवात में भेजकर नावली में रह रहे दोनों बदमाशों शहीद एवं वहीद को दबोचने के लिए भेजा।
लगभग 15 दिनों तक फिरोजपुर झिरका रहने के बाद भी मेवात जिला पुलिस के जवानों के सहयोग नावली गांव में दबिश भी दी थी। लेकिन दोनों बदमाश पुलिस के आने से पहले ही फरार हो गए थे।
इंस्पेक्टर अजय कुमार दास ने बताया था कि दोनों बदमाशों ने अपने साथी बदमाशों के साथ 15 के लगभग एटीएम तोड़कर नोट चोरी कर लिए। जबकि कटक, बालेश्वर, भद्रक सहित पांच बैंकों को तोड़कर करोड़ों रुपयों की डकैती भी डाली। उन्होंने बताया लगभग साढ़े सात करोड़ रुपये की इन बदमाशों एवं इनके साथियों ने एटीएम तथा बैंकों से डकैती डाली है।
सात से दस मिनट में काट देते थे एटीएम
अजय कुमार दास ने बताया कि थोड़ी देर में ही गैस कटर से एटीएम को तोड़ देते थे। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने कर्नाटक, दिल्ली एवं तमिलनाडु में भी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था। अजय कुमार दास ने बताया कि दिल्ली में एटीएम तोड़कर जब ये बदमाश भाग रहे थे तो इनका पीछा कर रहे दिल्ली पुलिस के जवानों पर इन्होंने गोलियां दागी। जिससे दिल्ली पुलिस के एक सिपाही की मौत हो गई।