खाकी पर एक बार फिर लगा दाग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेटर नोएडा में खाकी को कुछ सिपाहियों ने एक बार फिर शर्मसार किया है। मामला दादरी का है, जहां चार-पांच पुलिस वालों ने एक ऐसे शख्स को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया, जो दिमागी रूप से कमजोर था।
उसको शायद अपनी गलती नहीं मालूम थी, लेकिन हिफाजत का जिम्मा संभालने वाले होश गंवा बैठे और हैवानियत पर उतारू हो गए और उसे अधमरा कर छोड़ दिया। एसपी ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जब पुलिस से इस घटना के विषय में पूछा गया तो एसपी (देहात), डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि इस बारे में जानकारी की जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति पर बरसाईं लाठियां
दादरी की जीटी रोड पर शुक्रवार शाम कोतवाली के दारोगा और पीएसी के जवान गश्त पर निकले थे। इस दौरान दो लोगों में लड़ाई होती नजर आई। मुख्य तिराहे पर होते हंगामे को देख पुलिस वहां पहुंची। लड़ने वालों में एक शराबी था और दूसरा दुनियादारी से बेखबर।
दोनों ने एक-दूसरे के कपड़े फाड़ दिए। पुलिस को देखते ही शराबी भाग गया, लेकिन दूसरा नहीं जानता था कि उसे क्या करना चाहिए। उधर, सिपाही माजरा समझने की बजाय आगबबूला हो गए और उस शख्स को लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। वह उसे लगातार पीटते रहे, लाठी लगने से उसका सिर भी फूट गया।
गुस्सा ठंडा होने के बाद पुलिस वाले चले गए। काफी देर तक सड़क पर वह कराहता रहा, रोता रहा लेकिन पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाने की भी जरूरत नहीं समझी। इस पूरे वाकये के काफी देर बाद लोगों ने उस व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि इलाज के बाद उसे अस्पताल से छोड़ दिया गया।