विदेशी नागरिक की पीट-पीट कर हत्या, पत्थर से कुचला सिर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वसंतकुंज इलाके के किशनगढ़ में विदेशी नागरिक की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। सड़क पर वह चिल्लाता रहा, मगर उसकी सहायता करने के लिए कोई सामने नहीं आया। कुछ लोग उसे बचाने आए तो आरोपियों ने उन्हें भी पीट दिया। आरोपियों ने पत्थर मारकर उसका सिर कुचल दिया।
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दक्षिण जिला डीसीपी ईश्वर सिंह के अनुसार शुक्रवार रात करीब पौने बारह बजे सूचना मिली थी कि किशनगढ़ में सीएनजी पंप के पास एक विदेशी नागरिक के साथ झगड़ा हो रहा है।
जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक पीसीआर वैन घायल को एम्स के ट्रॉमा सेंटर ले जा चुकी है। पुलिस जब ट्रॉमा सेंटर पहुंची तो पता लगा कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। विदेशी की पहचान कांगो निवासी मासोनडा केटाडा ओलिवर (25) के रूप में हुई।
वह कोटला मुबारकपुर में किराये पर रहता था और किशनगढ़ में किसी से मिलने आया था। पुलिस को जांच में पता लगा कि तीन आरोपी वार्ड नंबर-दो महरौली निवासी मोबिन आजाद सैफी, छतरपुर निवासी मुकेश और महरौली निवासी प्रकाश उर्फ मौसा ने ओलिवर की हत्या की है।
झगड़ा एक ही ऑटो को किराये पर लेने को लेकर हुआ था। कहासुनी हुई तो आरोपियों ने ओलिवर को पीटना शुरू कर दिया। कुछ लोग उसे बचाने आए तो आरोपियों ने उनसे भी झगड़ा करना शुरू कर दिया। ओलिवर मौके से भागने लगा तो आरोपियों ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
इसके बाद उसके सिर पर बड़े पत्थर से वार कर दिया जिससे वह लहूलुहान हो गया। राहगीर ने इसकी सूचना पुलिस को दी पुलिस ने मोबिन आजाद सैफी को गिरफ्तार कर लिया है। फरार दो आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें दिल्ली व एनसीआर में दबिश दे रही हैं।
आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दो आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड रहा है। मोबिन मारपीट व घूरने के मामले में करीब ढाई महीने जेल में रह चुका है। मुकेश भी जालसाजी में जेल जा चुका है। दोनों की मुलाकात जेल में ही हुई थी। प्रकाश पेशे से ड्राइवर है और ईको कार चलाता है।
जानवरों की तरह पीटा गया
ओलिवर के दोस्तों को कहना था कि वारदात के दौरान कोई भी ओलिवर की सहायता के लिए आगे नहीं आया। उसके दोस्त की जानवर की तरह पिटाई कर हत्या की गई है। पुलिस ने अच्छा काम किया है। दोस्तों ने कहा कि आरोपियों ने आलिवर का मोबाइल छीनने का प्रयास किया था। इसके बाद झगड़ा हुआ था।