जागरण से लौट रही थी छात्रा, पड़ोसी युवक ने कमरे में ले जाकर किया रेप
दिल्ली के नांगलोई इलाके में 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ रेप का मामला सामने आया है। आरोपी पीड़िता के पड़ोस में रहने वाला युवक है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रेप और पोक्सो का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 17 साल की छात्रा अपने मामा के साथ स्वर्ण पार्क इलाके में रहती है। वह इलाके में स्थित सरकारी स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा है। गत 10 अप्रैल को पीड़िता के पड़ोस में जागरण का आयोजन किया गया था।
छात्रा जागरण में शामिल होने गयी थी। देर रात वह अकेले घर वापस आ रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले संजय (22) ने उसे पकड़ लिया और जबरदस्ती अपने कमरे पर ले गया।
तीसरे दिन घरवालों को बताई पूरी बात
जहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने और बदनाम करने की धमकी दी।
डरी सहमी छात्रा दो दिन तक किसी को घटना के बारे में नहीं बताया लेकिन तीसरे दिन उसने अपनी बहन से सारी बात बता दी। बुधवार की शाम परिवार वालों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसका मेडिकल करवाया। मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर आरोपी संजय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस संजय से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।