भाइयों के झगड़े में भाभी ने दी अपनी सलाह, नाराज देवर कर ने दी हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नाहल गांव में सेप्टिक टैंक और छह फीट के गैलरी पर दरवाजा लगाने के विवाद में देवर ने भाभी की फावड़ा मारकर हत्या कर दी। महिला के पिता ने दो देवर समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
नाहल गांव में मुनियाद अली के चार बेटे आरिफ, जावेद, आबिद और साजिद 200 गज के प्लाट में अलग-अलग कमरा बनाकर परिवार के साथ रहते हैं। आरिफ दिल्ली के करोलबाग में अलमारी बनाने का काम करता है। आरिफ की 12 साल पहले मेरठ के रसूलपुर धौलड़ी की रहने वाली रेशमा से शादी हुई थी।
दोनों की दो बेटी और एक बेटा है। पुलिस के अनुसार घर में आने-जाने का रास्ता एक ही है। गैलरी पर अलग गेट लगाने और आरिफ के सेप्टिक टैंक को हटाने को लेकर भाइयों में विवाद है। आरिफ ने गैलरी में ही सेप्टिक टैंक बनवा रखा है, जिसका ढक्कन रास्ते से कुछ ऊपर उठा हुआ है। इसको लेकर उसका खास तौर से जावेद और साजिद से झगड़ा होता था।
बृहस्पतिवार देर रात को भाइयों के बीच फिर झगड़ा हो गया। इस बीच आरिफ की पत्नी ने पति का पक्ष लेते हुए देवर जावेद का विरोध किया और अपनी राय दी। इस पर जावेद भड़क गया और उसने पास पड़े फावड़े से रेशमा के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। रेशमा गंभीर रूप से घायल हो गई।
उसे गाजियाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जावेद फरार हो गया। शुक्रवार सुबह रेशमा के पिता जहीर ने मसूरी थाने में जावेद, साजिद और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। एएसपी एवं कार्यवाहक मसूरी थाना प्रभारी अपर्णा गौतम ने बताया कि पुलिस ने जावेद को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी दोनों आरोपी फरार हैं। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है।
जैसे ही रेशमा के भाई शाहरुख को उसकी मौत की जानकारी मिली, वह मेरठ से बाइक लेकर नाहल गांव पहुंचा। उसके हाथ में दरांती थी, जिससे वह जावेद को मारना चाहता था। गांव के लोगों ने उसे किसी तरह समझाया। इसके बाद शुक्रवार दोपहर को शव का हिंडन स्थित पोस्टमार्टम हाउस में पोस्टमार्टम हुआ। उसके पिता और भाई उसके शव को लेकर मेरठ चले गए, जहां उन्होंने उसे सुपुर्दे खाक किया।