लेडी डॉन सोनू पंजाबन फिर गिरफ्तार, किशोरी से देह व्यापार कराने का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली की लेडी डॉन कही जाने वाली और सेक्स रैकेट चलाने के लिए कुख्यात सोनू पंजाबन उर्फ गीता अरोड़ा (40) को दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया है। अपराध शाखा ने इस बार उसे अगवा कर 16 वर्षीय किशोरी से वेश्यावृत्ति कराने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मकोका में आरोपी रही सोनू पंजाबन अक्तूबर 2014 में तिहाड़ जेल से छूटी थी।
इसके बाद उसने अपना नेटवर्क दुबारा सेट कर धंधा शुरू कर दिया था। गिरफ्तारी के समय सोनू पंजाबन ने कमला मार्केट थाने में खूब हंगामा किया। बाद में उसे शांत कराया गया। अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अगस्त 2014 में 16 वर्षीय किशोरी घर के पास से रहस्यमय हालात में गायब हो गई थी। परिजनों की सूचना पर नजफगढ़ थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। किशोरी का पता न चलने पर तफ्तीश 2017 के शुरुआती माह में अपराध शाखा को सौंप दी गई।
पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस व अन्य तरीकों से किशोरी की तलाश की, पर नाकाम रही। इधर, जून 2017 में अचानक किशोरी खुद ही घर लौट आई। उसने जो खुलासे किए, उससे परिवार के होश उड़ गए। किशोरी ने बताया कि घर के पास से ही दो युवकों ने उसे जबरन अगवा कर लिया। बाद में उसे खुद को सोनू पंजाबन बताने वाली महिला के सामने पेश किया गया।
काफी समय तक सोनू ने बंधक बनाकर उससे वेश्यावृत्ति कराई। बाद में लखनऊ के एक दलाल को बेच दिया गया। किशोरी गर्भवती हुई तो उसे गर्भपात कराने के लिए कहा गया। किसी तरह किशोरी वहां से भागकर अपने घर पहुंच गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने सोनू पंजाबन की तलाश शुरू कर दी।
टेक्निकल सर्विलांस से मिली कामयाबी
अपराध शाखा की टीम ने सोनू पंजाबन की तलाश शुरू की। अक्तूबर 2014 में सोनू जेल से बाहर आई थी। इसके बाद वह चुपचाप अपने धंधे में व्यस्त हो गई। पुलिस ने उसके मिलने-जुलने वालों से सोनू पंजाबन का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
इधर टेक्निकल सर्विलांस व ह्यूमन इंटेलीजेंस के जरिये सूचना मिली कि सोनू पंजाबन किसी से मिलने दरियागंज आने वाली है। सूचना के बाद सोनू को दबोच लिया गया। देर रात उसे कमला मार्केट थाने लाया गया। वहां हवालात में बंद करने को लेकर उसने खूब हंगामा किया।
बॉलीवुड फिल्मों में भोली पंजाबन है सोनू
बॉलीवुड की कई फिल्मों में सोनू पंजाबन को भोली पंजाबन के रूप में पेश किया गया है। उत्तर भारत में सेक्स रैकेट चलाने के मामले में सोनू पंजाबन कुख्यात है। पूर्वी दिल्ली में गीता कालोनी की रहने वाली सोनू अक्सर जेल से अंदर-बाहर होती रहती थी। 2011 में महरौली थाने से मकोका के मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
वहां से वह 2014 में छूटी। इससे पूर्व वह जेल से ही धंधा चलाती थी। पुलिस की मानें तो सोनू पंजाबन ने शादी भी थी, लेकिन उसके पति हेमंत का 2006 में पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया था। पुलिस सूत्रों का तो यहां तक कहना है कि सोनू पंजाबन के तार अंडरवर्ल्ड से जुड़े हैं।