घर में घुसकर नौवीं की छात्रा से दुष्कर्म, अकेला पाकर दिया वारदात को अंजाम
ओखला इलाके में नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले युवक ने 15 वर्षीय किशोरी को अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर पीड़िता को खामोश रहने के लिए धमकाया। बाद में पीड़िता की शिकायत पर पोक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी 22 साल के युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता ओखला औद्योगिक क्षेत्र इलाके में रहती है। इसके परिवार में माता-पिता के अलावा अन्य सदस्य हैं।
घर में अकेली पाकर पहुंचा पड़ोसी युवक
सपना पास के सरकारी स्कूल में नौवीं की छात्रा है। गत बृहस्पतिवार को दिन में पीड़िता अपने घर पर अकेली थी। इस बीच पड़ोस में रहने वाला जानकार युवक उसके घर पहुंचा।
दरवाजा खटखटाकर आरोपी जबरन उसके घर में घुस गया, बाद में उसने वारदात को अंजाम दिया। शाम के समय जब किशोरी के परिजन घर पहुंचे तो उसने सारी बात परिवार को बताई।
पुलिस को मामले की सूचना दी गई। ओखला पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।