दो करोड़ की पार्टी ड्रग्स लेकर अदीस अबाबा जा रही थी विदेशी महिला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीआईएसएफ के जवानों ने आईजीआई एयरपोर्ट पर मादक तस्करी में लिप्त एक विदेशी महिला को पकड़ा है। उसके पास से दो करोड़ रुपये कीमत की पार्टी ड्रग्स मिले हैं। महिला की पहचान दक्षिण अफ्रीका निवासी बेलिंडा फौरी (42) के रूप में हुई है। सीआईएसएफ ने महिला को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सौंप दिया है।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह ने बताया कि 20 जून की रात करीब पौने दस बजे दक्षिण अफ्रीका की महिला इंदिरा गांधी एयरपोर्ट की टर्मिनल तीन पर पहुंची थी। उसे अदीस अबाबा जाना था। सीआईएसएफ की टीम ने उसके बैग की तलाशी ली।
बैग से कार्बन पेपर में पैक 15 पैकेट मिले, जिसमें 14 किलोग्राम पाउडर थे। मादक द्रव्य होने के शक में सीआईएसएफ के अधिकारियों ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को इसकी जानकारी दी।
वह 18 जून को भारत आई थी
जांच करने के बाद ब्यूरो के अधिकारियों ने पैकेट में पार्टी ड्रग्स होने की पुष्टि की। इसके बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारियों ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका की रहने वाली बेलिंडा फौरी (42) ड्रग्स तस्कर है और वह नारकोटिक्स विभाग के रडार पर थी। उसके खिलाफ लुक आउट कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। वह 18 जून को भारत आई थी। उसका बिजनेस वीजा 21 जुलाई तक वैध था।
अधिकारियों के मुताबिक, बेलिंडा अक्तूबर 2015 से करीब आठ बार भारत आ चुकी है। उसकी निशानदेही पर नाइजीरियन सहयोगी ओबिफोका को संतनगर बुराड़ी से गिरफ्तार कर लिया गया।
बेलिंडा ने पूछताछ में बताया कि वह भारत में रहने वाले नाइजीरियन नागरिक जीन पॉल के लिए काम करती है। भारत आने के बाद वह जीन व ओबिफोका के साथ ही बुराड़ी में रहती है, जहां जीन उसे ड्रग्स मुहैया करता है और फिर उसके लिए एयर टिकट का इंतजाम भी करता है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो जीन की तलाश में जुट गई है।