व्यापारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, आईसीयू में भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा के अट्टा मार्केट में रविवार को दिनदहाड़े एक शख्स ने व्यापारी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना से नाराज व्यापारियों ने मार्केट अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया और सड़क जाम कर दी। मौके पर आला पुलिस अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचा, जिन्होंने व्यापारियों को समझाकर जाम खुलवाया।
सेक्टर-27 स्थित अट्टा के सुनहरी मार्केट में राजपाल अवाना की दुकान है। उन्होंने कई साल पहले किराए पर दुकान ब्रजभूषण आहूजा को दी थी, जिन्होंने आहूजा फर्नीचर के नाम से बिजनेस शुरू किया। लेकिन, दुकान को लेकर राजपाल और ब्रजभूषण में विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में है।
ताबड़तोड़ चलाई गोलियां
पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11.30 बजे राजपाल अवाना का बेटा शीबू दुकान पर पहुंचा। यहां ब्रजभूषण और जनकपुरी (दिल्ली) में रहने वाला उनका भतीजा नवीन बैठे थे।
आरोप है कि बातचीत के बाद शीबू ने नवीन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं और फरार हो गया। नवीन को सेक्टर-27 स्थित विनायक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे कैलाश अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी योगेश सिंह, एसपी क्राइम भारती सिंह, सीओ फर्स्ट शिवराम यादव, सीओ सेकेंड विश्वजीत श्रीवास्तव समेत चारों थानों के इंस्पेक्टर और फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ भी की है और शीबू की तलाश की जा रही है।
आए दिन होते हैं विवाद
उधर, घटना से क्षुब्ध व्यापारियों ने सुनहरी मार्केट बंद कर दिया और सड़क जाम कर दी। पुलिस और राज्य सरकार के विरोध में नारेबाजी भी हुई। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी और व्यापारियों की सुरक्षा की मांग भी की गई।
जाम बढ़ता देख पुलिस ने अट्टा पीर से रास्ता डायवर्ट करा दिया। आला अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम खोला गया। जाम लगाने वालों में संजय बाली, अनूप खन्ना, एसके जैन, डॉ. झा और बड़ी संख्या में अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
सुनहरी मार्केट के बेकर और कंफेक्शनर कृष्ण कुमार ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले ही उनका दुकान मालिक रात में ताला तोड़कर बहुत सा सामान ले गया। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी है। कई व्यापारियों ने बताया कि यहां रेहड़ी-पटरी लगाने के लिए पैसों का खेल चलता है और इसी वजह से दुकान मालिक और किरायेदारों में ठनी रहती है।
आईसीयू में व्यापारी
कैलाश अस्पताल में डॉ. आरएम कट्टर और जीपी गुप्ता की टीम ने व्यापारी नवीन का ऑपरेशन किया। व्यापारी को चार गोलियां लगी हैं। जिनमें एक पेट में, दूसरी कंधे पर, तीसरी पीठ पर और चौथी बाई जांघ पर लगी।
डॉ. आरएम कट्टर ने बताया कि ऑपरेशन के बाद नवीन की हालत स्थित है और उसे आईसीयू में रखा गया है।
एसपी सिटी योगेश सिंह ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें बनाई गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।