पड़ोसी ने खींची महिला की फोटो, बवाल
नई दिल्ली के पटेल नगर इलाके में महिला की फोटो खींचने पर दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। जिसमें 72 साल की महिला समेत पांच लोग जख्मी हो गए।
पुलिस ने सोना देवी (72) व उसके दो बेटों लक्ष्मी नारायण और रविंद्र को आचार्य भिक्षु अस्पताल में दाखिल करवाया। वहीं, दूसरे पक्ष के भगत राम (60) और उसकी पत्नी कमलेश को लेडी हार्डिंग अस्पताल में दाखिल कराया दिया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों का बयान दर्ज किया। भगत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले रविंद्र ने उसकी फोटो खींच ली।
मलबा डालने को लेकर हुआ विवाद?
भगत सिंह का आरोप है कि उसने फोटो खींचने से मना किया तो रविंद्र ने अपने भाई लक्ष्मी नारायण के साथ मिलकर पत्नी और उसकी पिटाई कर दी। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से सोना देवी ने पुलिस को बताया कि कमलेश गली में मलबा डाल रही थी।
उसने जब घर के सामने मलबा डालने से मना किया तो कमलेश और उसके पति ने उनकी पिटाई की। उनके साथ उनकी बेटी ममता और दामाद देवेंद्र भी मारपीट कर रहा था। शोर-शराबा सुनकर उसके दोनों बेटे बाहर आए और बीच बचाव किया। उनके दोनों बेटों के साथ भी मारपीट की।
बता दें कि एनडीएमसी, यहां वहां कूडा़ फेंकने वालों और पान खाकर थूकने वालों के खिलाफ पूरी दिल्ली में पोस्टर लगवा रहा है। फिर भी लोग पुराने ढर्रे पर ही चल रहे हैं।