लोगों से जिंदगी मांग रही थी खून से लथपथ महिला, मदद न मिलने पर तड़पकर तोड़ा दम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लगता है लोगों में इंसानियत खत्म हो गई है। शनिवार तड़के लहूलुहान हालत में एक महिला सहायता के लिए इधर-उधर भागती रही। उसने कई लोगों के घर का दरवाजा खटखटाया, मगर किसी ने उसकी सहायता नहीं की।
समय रहते उसे सहायता मिल जाती और अस्पताल भिजवा दिया जाता, तो शायद उसकी जान बच जाती। दरअसल, किसी अज्ञात व्यक्ति ने महिला की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। नेबसराय थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला का कोई परिचित ही है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मूलरूप से कासगंज (उत्तर प्रदेश) की रहने वाली सिमरन उर्फ आरती (23) सी-76 दूसरी, मंजिल, दुग्गल कॉलोनी (खानपुर) में अकेली रहती थी।
मदद के लिए छह मंजिला बिल्डिंग में ऊपर-नीचे भागती रही लहुलूहान महिला
सिमरन का पति से मनमुटाव चल रहा था। पति दक्षिण दिल्ली में अलग रहता है। शुक्रवार रात को सिमरन से कोई परिचित मिलने आया था। रात को किसी बात पर आरोपी से सिमरन का झगड़ा हो गया।
आरोपी ने सिमरन की गर्दन पर धारदार हथियार (छुरी जैसा) से वार कर दिया, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया। सिमरन लहूलुहान हालत में सहायता के लिए छह मंजिला बिल्डिंग में सीढ़ियों पर ऊपर-नीचे भागती रही। उसने कई लोगों के घर का दरवाजा खटखटाया, मगर सहायता के लिए कोई नहीं आया।
शनिवार तड़के चार बजे सिमरन ने अपने घर में तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। नेबसराय थाने में तैनात एक इंस्पेक्टर का कहना है कि उसने अपनी पुलिस की नौकरी में इतनी दर्दनाक हत्या की वारदात नहीं देखी।
सीढ़ियों व घर के कमरों में खून बिखरा पड़ा था। किसी किरायेदार ने मकान मालिक को इसकी सूचना दी और मकान मालिक ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया है।
महिला के घर से मिली शराब की खाली बोतलें
सिमरन करीब दो महीने पहले यहां किराये पर रहने आई थी। सिमरन के पिता कप्तान दिल्ली में रहते हैं और ऑटो चलाते हैं। महिला के घर से शराब की खाली बोतलें मिली हैं।
मौके से नहीं मिला हथियार
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस को मौके से वह धारदार हथियार नहीं मिला है, जिससे सिमरन की गर्दन पर वार किया गया। हथियार करीब पांच इंच तक गर्दन में घुस गया था। इससे गर्दन की नस कट गई थी।
परिचित ने की हत्या : पुलिस
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सिमरन की हत्या उसके किसी परिचित ने ही की है। पुलिस को मौके से कुछ फिंगर प्रिंट मिले हैं। पुलिस सिमरन के मोबाइल फोन की डिटेल खंगाल रही है। दक्षिण जिले की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नूपुर प्रसाद का कहना है कि आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।