डीयू छात्रा ने शादी से किया इंकार तो ब्वॉयफ्रेंड ने छत से नीचे फेंका
21 वर्षीय छात्रा की हालत नाजुक, बीएल कपूर अस्पताल में भर्ती, छानबीन जारी
- 21 वर्षीय छात्रा की हालत नाजुक, बीएल कपूर अस्पताल में भर्ती, छानबीन जारी
- करोलबाग इलाके में हुई वारदात, पुलिस ने आरोपी ब्वॉयफ्रेंड को किया गिरफ्तार
- फेसबुक के जरिये दो साल पहले हुई थी दोस्ती, आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
- वारदात से पूर्व पीड़िता ने मां को कॉल कर युवक के घर आने के लिए कहा था
- मां जब तक घर पहुंची आरोपी ने उसे दूसरी मंजिल से नीचे फेंका, आरोपी का कहना छात्रा का पैर फिसला
विस्तार
मध्य दिल्ली के करोलबाग इलाके में शादी से इंकार करने पर एक युवक ने डीयू की छात्रा को छत से नीचे फेंक दिया। वारदात से पूर्व 21 वर्षीय छात्रा ने अपनी मां को कॉल कर वहां आने के लिए कहा था। मां जब तक पहुंची आरोपी छात्रा को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक चुका था।
गंभीर हालत में छात्रा को बीएल कपूर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी साहिल खान (23) को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि साहिल खुद पर लगे आरोपों को गलत बता रहा है, उसका कहना है कि युवती का खुद पैर फिसला, उसने उसे धक्का नहीं दिया।
करोलबाग थाना पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जा रही है। पुलिस के मुताबिक सपना (21)(बदला हुआ नाम) परिवार के साथ करोलबाग इलाके में रहती है। वहीं आरोपी साहिल खान भी करोलबाग इलाके में ही रहता है।
फेसबुक के जरिये हुई थी दोस्ती
सपना डीयू एसओएल बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। आरोपी का अपना कारोबार है। करीब दो साल पूर्व फेसबुक के जरिये सपना और साहिल की दोस्ती हुई थी। फेसबुक पर चेट करने के बाद दोनों एक दूसरे से मिलने लगे।
अक्सर सपना साहिल के परिजनों की मौजूदगी में उसके घर आने लगी। इधर दोस्ती होने के बाद साहिल ने सपना को एक महंगा फोन तोहफे में दिया। आरोप है कि 30 दिसंबर को साहिल ने सपना को कॉल कर बताया कि उसके माता-पिता दोनों के रिश्ते के लिए तैयार हो गए हैं। जल्द ही परिवार उसके परिजनों से शादी की बात करेंगे।
इस बात पर सपना ने शादी से इंकार करते हुए कहा कि वह अपने माता-पिता की मर्जी के बगैर शादी नहीं करेगी। अगले दिन रविवार शाम को साहिल ने सपना को अपने घर बुलाया। वहां शादी का दबाव बनाने लगा।
मां को कॉल कर बताई सारी बात
विरोध करने पर आरोपी अपने तोहफे वापस मांगते हुए उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। सपना ने अपनी मां को कॉल कर 70 हजार रुपये लाने के साथ सारी बात बताई। मां पैसे लेकर पहुंची तो सपना को छत से नीचे फेंकने की बात पता चली।
मामले की शिकायत पुलिस से की गई। छानबीन के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को दबोच लिया। फिलहाल सपना बयान देने की हालत में नही है। पुलिस उसका बयान लेने का प्रयास कर रही है।