अपहरण कर दंपत्ति की हत्या, नहर से मिला पति का शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव बंबावड़ से एक दंपति का अपहरण कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को पति का शव नहर से बरामद कर लिया। दंपति की बेटी व बेटा भी गायब हैं।
हत्या का आरोप गांव में ही इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान करने वाले एक व्यक्ति पर लगा है। आरोपी घटना के बाद से गायब है। इस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है, जिससे कई अहम जानकारी मिली है। लड़की की लोकेशन राजस्थान के बीकानेर में मिली है।
पुलिस ने बताया कि जिला गाजियाबाद थाना मसूरी क्षेत्र के गांव हसनपुर निवासी प्रमोद शर्मा बादलपुर क्षेत्र के गांव बंबावड़ में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान करता है।
बताया जा रहा है कि वह तंत्र विद्या भी जानता है। आरोप है कि एक अगस्त को प्रमोद शर्मा अपनी कार से बंबावड़ गांव के वेद प्रकाश व उसकी पत्नी ऊकलेश, 16 वर्षीय बेटी और बेटे राहुल (6) को लेकर कहीं गया था।
देर रात लड़की ने चाचा को किया था फोन
एक अगस्त की देर रात लड़की ने अपने चाचा ओम प्रकाश के मोबाइल पर फोन किया कि हम लोग अस्पताल में हैं। उसके बाद चार अगस्त को उसने दोबारा अपने रिश्ते के भाई सुनील के पास फोन किया कि मम्मी-पापा व भाई को बंधक बनाकर रखा गया है।
मैं किसी तरह से बचकर निकली हूं। उसने अपनी लोकेशन राजस्थान के बीकानेर में बताई थी। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। वेद प्रकाश के भाई ओम प्रकाश की तहरीर पर बादलपुर पुलिस ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो घटना के बारे में कुछ अहम सुराग मिले।
सीओ ग्रेटर नोएडा तृतीय राकेश कुमार ने बताया कि रविवार को वेदप्रकाश का शव गांव बंबावड की नहर से बरामद कर लिया गया है। इस मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस टीम ने राजस्थान के बालाजी से लड़की के कपड़े बरामद कर लिए हैं। लड़की की तलाश जारी है, जल्द ही उसे बरामद कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
ग्रामीणों ने लगाया जाम
पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी व बेटी व बेटा राहुल को सकुशल बरामद करने की मांग को लेकर गांव कूड़ी खेड़ा मोड़ पर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम को खोल दिया।