आप विधायक नरेश बालयान पर दर्ज हुआ जान से मारने की धमकी देने का मामला
मोहन गार्डन आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष ने नरेश और उनके सहयोगी पर कार्यालय में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
वहीं, विधायक के एक सहयोगी की ओर से भी आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। उत्तम नगर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विधायक की ओर से लगाए गए आरोप कि पहले पड़ी थी गाली
पुलिस के अनुसार आरडब्ल्यूए अध्यक्ष हेनरी जार्ज सपरिवार मोहन गार्डन इलाके में रहते हैं। पुलिस को दी शिकायत में हेनरी ने आरोप लगाया है कि रविवार दोपहर वह अपने कार्यालय में बैठक कर रहे थे। इसी दौरान उत्तम नगर से विधायक नरेश बालयान अपने कुछ सहयोगियों के साथ उनके कार्यालय में आए और कहासुनी करते हुए मारपीट की।
वहीं, विधायक की ओर से महेंद्र का आरोप है कि वह विधायक और अन्य लोगों के साथ आरडब्ल्यूए के कार्यालय के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान हेनरी जार्ज ने गाली देनी शुरू कर दी।
विरोध करने पर हेनरी और उनके कुछ सहयोगियों ने उन लोगों के साथ मारपीट की। जिला पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।