धक्का मुक्की में बुजुर्ग की मौत के बाद करना पड़ा भारी पुलिस बल तैनात
जामा मस्जिद इलाके में एक डेयरी मालिक से कहासुनी के दौरान एक बुजुर्ग की तबियत खराब हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई
बुजुर्ग की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग करने लगे लेकिन पुलिस ने गुस्साए लोगों को शांत करवाकर इस बाबत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार जफर (60) सपरिवार जामा मस्जिद इलाके में रहता था। इसी इलाके में हौजकाजी निवासी संजीव की दूध की डेयरी है। शुक्रवार शाम संजीव स्कूटर से दुकान पर जा रहा था।
सड़क पर पानी होने की वजह उसकी स्कूटर से कुछ छींटे वहां से गुजर रहे जावेद के बेटे नवेद के उपर पड़ गए। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। आस पास मौजूद लोगों ने मामला शांत करवा कर दोनों को भेज दिया। देर शाम नवेद अपने पिता जफर के साथ संजीव की दुकान पर पहुंचा और उससे झगड़ा करने लगा। बात बढ़ने पर दोनों के बीच धक्का मुक्की हो गई।
धक्का लगने से गिरकर हुआ हार्ट अटैक
धक्का लगने से वहां पर मौजूद जफर नीचे गिर गया और उसकी तबियत खराब हो गई। नवेद ने जफर को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में ले गया। जहां शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि धक्का मुक्की के दौरान जफर को हार्ट अटैक हो गया था। जफर की मौत की सूचना मिलते ही इलाके के लोगों में गुस्सा फैल गया। यहां तक की कुछ लोगों ने इसे संप्रदायिक रंग देने की कोशिश की।
लोगों ने संजीव के दुकान के पास हंगामा शुरू कर दिया। इस बात की जानकारी मिलते ही इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत करवाया और संजीव के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।