फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   CM Rekha Gupta conducted a surprise inspection in the Mukherjee Nagar educational hub area

दिल्ली: सीएम रेखा गुप्ता ने शैक्षणिक हब मुखर्जी नगर क्षेत्र में किया औचक निरीक्षण, छात्रों की सुनीं समस्याएं

Wed, 14 Oct 2026 10:14 AM IST
Vijay Singh Pundir अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: Vijay Singh Pundir Updated Wed, 14 Oct 2026 10:14 AM IST
सार

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को विद्यार्थियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के बीच चाय की दुकान पर बैठकर उनसे विस्तार से बातचीत की।

विज्ञापन
CM Rekha Gupta conducted a surprise inspection in the Mukherjee Nagar educational hub area
विद्यार्थियों के साथ सीएम रेखा गुप्ता - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार रात राजधानी के प्रमुख शैक्षणिक व कोचिंग हब मुखर्जी नगर क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और विभिन्न विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और अपेक्षाओं की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के बीच चाय की दुकान पर बैठकर उनसे विस्तार से बातचीत की और उनके दैनिक जीवन, आवास, अध्ययन के माहौल, सुरक्षा तथा क्षेत्र में उपलब्ध नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को समझा।
विज्ञापन


निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को विद्यार्थियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में देश के विभिन्न राज्यों से आकर शिक्षा प्राप्त कर रहे युवा राजधानी के परिवार का हिस्सा हैं और उनकी सुविधाओं, सुरक्षा तथा बेहतर भविष्य के लिए उचित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
विज्ञापन


निःशुल्क लाइब्रेरी की मांग पर जगह तलाशने के निर्देश
विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र में किफायती लाइब्रेरी की कमी और मौजूदा लाइब्रेरी के बार-बार बंद होने से पढ़ाई प्रभावित होने की समस्या रखी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शांत एवं अनुकूल वातावरण में अध्ययन करना आवश्यक है, लेकिन अधिक शुल्क और लाइब्रेरी के संचालन में आने वाली बाधाओं के कारण विद्यार्थियों को परेशानी होती है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में संचालित लाइब्रेरी की स्थिति, भवन संबंधी कमियों और सुरक्षा मानकों की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्थानीय विधायक एवं अधिकारियों से खाली प्लॉट और उपलब्ध सामुदायिक भवनों में उपयुक्त स्थान चिह्नित करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क लाइब्रेरी विकसित की जा सके। मुख्यमंत्री ने इसके लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


पीजी के किराए और आवास की कमी का मुद्दा उठा
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने पेइंग गेस्ट (पीजी) के किराए, जमानत राशि और दलाली के रूप में होने वाले अधिक खर्च का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि पर्याप्त हॉस्टल उपलब्ध न होने के कारण अनेक विद्यार्थियों को निजी पीजी या किराये के कमरों में रहना पड़ता है। कुछ विद्यार्थियों ने छोटे कमरों, सीमित वेंटिलेशन और आसपास लगातार चलने वाले निर्माण कार्यों से पढ़ाई तथा दैनिक जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार उनकी आवास संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पीजी पॉलिसी और नए हॉस्टलों की उपलब्धता जैसे विषयों पर काम कर रही है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर और व्यवस्थित आवास सुविधाएं मिल सकें। विद्यार्थियों ने पीजी में भोजन की गुणवत्ता तथा रहने की सुविधाओं को लेकर भी अपनी चिंताएं साझा कीं। 

स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी व्यवस्था की समीक्षा के निर्देश
मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं भी सामने रखीं। छात्राओं ने देर शाम आवागमन के दौरान सुरक्षा संबंधी कठिनाइयों और कुछ स्थानों पर अपर्याप्त रोशनी की समस्या उठाई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों और पुलिस प्रतिनिधियों से क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की समीक्षा करने और जहां आवश्यक हो, वहां सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में ‘नियमों के विरुद्ध गहरे रंग की फिल्म लगे वाहनों’ के आवागमन से जुड़ी शिकायत पर भी पुलिस अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होना चाहिए ताकि वे बिना किसी भय के अपनी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियां जारी रख सकें।

बंद पड़े शौचालय को पिंक टॉयलेट में बदलने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़े शौचालय का मुद्दा सामने आया। मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शौचालय को पिंक टॉयलेट के रूप में विकसित कर शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालयों की उपलब्धता व रखरखाव सुनिश्चित करने और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त शौचालय ब्लॉक के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए।

सफाई, संकरी गलियों और पेयजल की समस्याओं पर अधिकारियों को निर्देश
मुखर्जी नगर, नेहरू विहार और आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले विद्यार्थियों ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें रखीं। उन्होंने गलियों में गंदगी, कूड़े और दुर्गंध की समस्या के साथ नियमित सफाई की मांग रखी। कुछ विद्यार्थियों ने बताया कि संकरी गलियों और छोटे आवासीय भवनों के कारण रहने की परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हो जाती हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सफाई केवल मुख्य सड़कों तक सीमित न रहे, बल्कि छोटी गलियों और आवासीय क्षेत्रों में भी नियमित रूप से हो। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र का दौरा कर समस्याओं का आकलन करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विद्यार्थियों ने पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्या भी उठाई। उन्होंने बारिश के दौरान सीवर  के पानी के पेयजल आपूर्ति में मिलने की आशंका और पानी की गुणवत्ता को लेकर चिंता व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इस शिकायत की जांच कराने और पेयजल की गुणवत्ता तथा आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ी समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

लाउडस्पीकर बजने की शिकायत पर भी ध्यान
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने रात के समय तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजने से पढ़ाई में होने वाली परेशानी का मुद्दा भी उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाउडस्पीकर के इस्तेमाल में निर्धारित समय-सीमा और ध्वनि संबंधी नियमों का पालन अनिवार्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसी शिकायतों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच पर जोर
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को भी सुना। विद्यार्थियों ने कुछ भवनों में अग्नि सुरक्षा, निकास मार्ग और भवन की उपयुक्तता को लेकर चिंता व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ऐसे संस्थानों में भवन की उपयुक्तता, सुरक्षित निकास मार्ग और अग्नि सुरक्षा नियमों के पालन की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े भवनों में आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।


विद्यार्थी विकसित भारत की नींव
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुखर्जी नगर, नेहरू विहार और आसपास के क्षेत्रों में रहकर शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा विकसित भारत की नींव हैं। इनमें से अनेक युवा भविष्य में प्रशासनिक अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ बनकर देश के विकास में योगदान देंगे। ऐसे में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और अनुकूल आवास उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों से दिल्ली में पढ़ने आए युवा दिल्ली परिवार का हिस्सा हैं। उनकी सुविधाओं, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed