मेट्रो के चौथे फेज को मिली कैबिनेट की मंजूरी, देखिए क्या आपके रास्ते से गुजरेगी दिल्ली की लाइफ लाइन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली सरकार ने मेट्रो के चौथे चरण को मंजूरी दे दी है। चौथे चरण में दिल्ली मेट्रो का लगभग 104 किलोमीटर में विस्तार किया जाना है। इस चरण में कुल 79 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे जिससे दिल्ली के बहुत से लोगों को इसका लाभ मिलेगा। योजना के मुताबिक इस चरण पर नए साल में जनवरी माह की पहली तारीख से ही काम शुरु हो जाएगा और इसे 3 दिसंबर 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा। इस चरण के पूरा होने के बाद दिल्ली में मेट्रो का विस्तार 453.58 किलोमीटर तक हो जाएगा। चौथे चरण के लिए दिल्ली सरकार इस वर्ष 1100 करोड़ रुपये मेट्रो को उपलब्ध कराएगी, जबकि अगले पांच साल में कुल 9,707 करोड़ रुपये देगी।
चौथे चरण के अलावा मेट्रो के पहले, दूसरे और तीसरे चरण में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नए मेट्रो इंजन और नए कोच लाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई है। इस मंजूरी के बाद मेट्रो यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
यहां से गुजरेगी मेट्रो
दिल्ली सरकार द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक इस चरण में रिठाला-बवाना-नरेला मार्ग पर 21.73 किलोमीटर, जनकपुरी पश्चिम से आरके आश्रम पर 21.18 किलोमीटर, मुकुंदपुर-मौजपुर लाइन पर 12.54 किलोमीटर, इंदरलोक से इंद्रप्रस्थ लाइन पर 12.58 किलोमीटर, एयरोसिटी से तुगलकाबाद तक 20.2 किलोमीटर और लाजपत नगर से साकेत के जी-ब्लाक तक 7.96 किलोमीटर मार्ग पर दिल्ली मेट्रो का निर्माण किया जाना है।
यह योजना काफी समय से लटकी हुई थी जिसके कारण विपक्ष लगातार सरकार पर हमला कर रहा था। पिछले दिनों सरकार ने एक अहम बैठक में चौथे चरण को मंजूरी देने का फैसला लिया। इसके बाद परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने डीएमआरसी के चेयरमैन मंगू सिंह के साथ बैठक की थी। इस बैठक में चौथे चरण को मंजूरी देने पर सहमति बन गई थी। इसके बाद आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में कैबिनेट ने इस प्रस्ताव पर अपनी अंतिम मुहर लगा दी।