{"_id":"5d5892668ebc3e896d0e3152","slug":"businessman-health-deteriorating-in-police-custody-died-in-hospital","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुलिस हिरासत में कारोबारी की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पुलिस हिरासत में कारोबारी की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मौत
Sun, 18 Aug 2019 05:18 AM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Vikas Kumar
Updated Sun, 18 Aug 2019 05:18 AM IST
विज्ञापन
मृतक संजय कुमार
- फोटो : अमर उजाला
भजनपुरा इलाके में धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार कारोबारी की पुलिस हिरासत में तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में कारोबारी को एलएलजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त संजय कुमार (47) के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिस पर उसे हिरासत में प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी परिजनों के आरोप से इंकार कर रहे हैं।
विज्ञापन
जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद तबीयत बिगड़ने पर संजय को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं पर कड़कडड़ूमा कोर्ट से एमएम (मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट) एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे। एमएम ने संजय को तबीयत सुधरने पर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। लेकिन उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। फिलहाल मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इसके अलावा मौत के सही कारणों का पता करने के लिए पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराने की सिफारिश की गई है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक संजय परिवार के साथ एफ-45/4, गली नंबर-13, ब्रह्मपुरी में रहता था। इसका कार्ड प्रिंटिंग का कारोबार था। संजय के परिवार में पत्नी व बेटे सचिन के अलावा अन्य सदस्य हैं। प्रॉपर्टी में धोखाधड़ी करने के मामले में कुछ दिनों पूर्व अदालत ने संजय के खिलाफ भजनपुरा थाने में मामला दर्ज करने का आदेश दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर बुधवार सुबह संजय को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। बेटे सचिन ने बताया कि देर रात 11.30 बजे उसके पिता को घर वापस भेज दिया गया। इसके बाद 15 अगस्त की शाम को संजय को पूछताछ के लिए दोबारा बुलाया गया। देर रात को परिजनों को फोन कर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संजय को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार को अब कोर्ट से उनकी जमानत होगी।
विज्ञापन
शुक्रवार को जब परिजनों ने थाने कॉल की तो उन्हें बताया गया कि संजय का 11 बजे मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद दो बजे मेडिकल की बात की गई, लेकिन 2.30 बजे थाने से सूचना मिली कि संजय की तबीयत खराब हो गई है, उन्हें एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजन फौरन वहां पहुंचे तो देखा कि संजय ने कपड़ों में ही पेशाब किया हुआ था, ऐसा लग रहा था कि उसके साथ कुछ मारपीट की गई है। उधर संजय का एलएनजेपी अस्पताल में इलाज जारी था। शनिवार सुबह इलाज के दौरान संजय की मौत हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आशंका जता रहे हैं कि हार्ट अटैक से उसकी मौत हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद संजय की मौत का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल संजय के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नही मिले हैं।
संजय की तबीयत बिगडने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, अस्पताल में एमएम ने तबीयत सुधरने पर संजय को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया था, लेकिन इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई, मामले में मजिस्टे्रट जांच के आदेश दिए गए हैं। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जाएगा।
अतुल कुमार ठाकुर, डीसीपी, उत्तर-पूर्वी जिला