बीड़ी का बंडल नहीं मिला, तो पत्नी को दे दिया तलाक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को मात्र इस बात पर तलाक दे दिया कि उसे घर आने पर बीड़ी नहीं मिली। चार बच्चों की मां तसलीमा को पति शाहिद ने तीन तलाक कहकर घर से निकाल दिया। पत्नी के साथ जमकर मारपीट भी की। यह घटना गांव ढकलपुर निवासी तसलीमा के साथ घटी।
तसलीमा का निकाह ग्वालदा गांव शाहिद के साथ आठ वर्ष पूर्व हुआ था। वैवाहिक जीवन में तसलीमा ने चार बच्चे अरमान, शरमान, अरबाज व अमन को जन्म दिया। बड़ा बेटा अरमान सात साल का है तो सबसे छोटे अमन की उम्र अभी मात्र दो महीने की ही है।
तसलीमा ने बताया कि उसका पति 23 दिसंबर की शाम जब घर आया तो उसे बीड़ी का बंडल नहीं मिला। बच्चों से पूछा, तो बच्चों ने कहा कि अम्मी को पता होगा। उसने जब कहा कि घर में बीड़ी नहीं है, तो शौहर को शक हुआ कि पत्नी ने कहीं छिपा दी है।
गुस्से में शाहिद ने तीन बार कह दिया तलाक-तलाक
इसी से गुस्से में आए शाहिद ने तसलीमा को तीन बार तलाक-तलाक कहकर तलाक दे दिया व घर से निकाल दिया। यही नहीं उसे छोटे बच्चे के साथ ढकलपुर अपने मायके में रहने को विवश कर दिया। मेव मुस्लिम समाज में एक ओर जहां मोबाइल पर तलाक देने की प्रक्रिया को लेकर विवाद बना हुआ है।
वहीं अब तलाक की वजहों को लेकर भी आवाज उठने लगी है। तसलीमा ने कथित तलाक के बाद महिला थाना पुलिस की प्रोटेक्शन अधिकारी सुमन चौधरी के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि वह अपने चार बच्चों के साथ उसी घर में रहना चाहती है।
सुसराल पक्ष से उसे अभी इंसाफ की उम्मीद नहीं लगती। तसलीमा के मामले को प्रोटेक्शन अधिकारी सुमन चौधरी ने अब मजिस्ट्रेट को रेफर कर दिया है तथा तसलीमा को लीगल एड के माध्यम से इंसाफ दिलाने की सिफारिश भी की है।
तसलीमा की बहन को भी घर से निकाला
तसलीमा के साथ उसकी बहन सलीमन को भी सुसराल वालों ने इसी विवाद के चलते घर से निकाल दिया है। सलीमन का निकाह तसलीमा के पति शाहिद के बडे़ भाई इरफान के साथ हुआ था व उसके भी चार बच्चे हैं। लेकिन वह इस बात से खुशकिस्मत जरूर है कि उसे अभी तक पति ने तलाक नहीं दिया है।
दोनों बहनों के भाई इकबाल का कहना है कि मेवात में अब तीन तलाक के कानून का इस तरह खुल कर दुरुपयोग किया जा रहा है जिसे रोका जाना चाहिए।
मलाई गांव के निवासी हाजी जकारिया का कहना है कि बहन-बेटियों की इज्जत को बनाए रखने के लिए तलाक कानून का दुुरुपयोग रोका जाना चाहिए। उनका कहना है कि तलाक की वजहें भी स्पष्ट होनी चाहिए।