आरोग्य कोष में 16 करोड़ का भ्रष्टाचार, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दिल्ली सरकार पर लगाया आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों में नए कमरों के निर्माण में दिल्ली सरकार पर करीब 2 हजार करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। अब पार्टी ने आप सरकार पर आरोग्य कोष में 16 करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप लगाए हैं। बुधवार को प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में दिल्ली के गरीबों को हरसंभव उपचार उपलब्ध कराने का दिल्ली सरकार का दावा झूठ है। जीटीबी अस्पताल में टीबी के मरीज से ऑपरेशन के लिए एक लाख रुपये का खर्च मांगा जाता है। दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं होने दिया। उनकी सरकार दिल्ली के आरोग्य कोष में 16 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने आरोग्य कोष के जरिये 38.23 करोड़ रुपये का खर्च बताया है। आरटीआई के जरिये मिली जानकारी के अनुसार, यह खर्चा 54.61 करोड़ रुपये है। निर्धारित राशि से ज्यादा खर्चा किया जाना बड़े भ्रष्टाचार की ओर इशारा कर रहा है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। तिवारी ने कहा कि निजी अस्पतालों में मरीजों को मुफ्त सर्जरी के लिए भेजा जा रहा है, लेकिन इसके लिए मंजूरी की जरूरत होती है। अब तक कई ऐसे मामले उनके संज्ञान में आए हैं, जहां बगैर मंजूरी लिए मरीज को भेजा जा रहा है, ताकि अस्पतालों को मोटा मुनाफा हो सके।
मनोज तिवारी ने कहा कि सीएम केजरीवाल का 23 फ्लाईओवर बनाने का दावा झूठ का पुलिंदा हैं। पिछले साढ़े चार वर्ष से झूठ की दुकान चलाने वाले घोषणा मंत्री दिल्ली के साथ लगातार छलावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिग्नेचर ब्रिज हो या राव तुलाराम फ्लाईओवर, अरविंद केजरीवाल उद्घाटन करने पहुंच जाते हैं, लेकिन खुद कोई नया काम शुरू नहीं करतें। उन्होंने कहा कि 15 फरवरी 2015 से सत्ता पर आसीन होने से लेकर अब तक मुख्यमंत्री ने कोई नया फ्लाईओवर न तो मंजूर किया है और न ही कोई नया काम शुरू किया है। जनता को गुमराह करने के लिए केजरीवाल को माफी मांगनी चाहिए।