बीजेपी ने हाईजैक कर लिए AAP के चुनावी मुद्दे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी की चुनावी जंग में प्रदेश भाजपा नरेंद्र मोदी, महंगाई और मकान के मुद्दे पर मैदान में उतरने जा रही है। जीत के दावे के साथ भाजपा ने बुधवार को चुनावी घोषणापत्र जारी किया।
विधानसभा में आम आदमी पार्टी से जबरदस्त टक्कर मिलने के बाद अब आम चुनावों में बीजेपी ने उसी के एजेंडे और फॉमूले को हाईजैक कर लिया है।
ऐसा शायद इसलिए भी किया गया है क्योंकि विधानसभा चुनावों में इन्हीं मुद्दों ने नई नवेली AAP को अप्रत्याशित वोट दिलाए थे।
AAP के प्रमुख चुनावी मुद्दे बीजेपी की लिस्ट में
भाजपा का राष्ट्रीय घोषणापत्र आने से पहले प्रदेश कमेटी ने अपना मैनिफेस्टो जारी कर दिया। पार्टी ने दावा किया है कि केंद्र में सरकार बनते ही वो 30 दिन में महंगाई कम कर देंगे।
साथ ही पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने, भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने और झुग्गी वासियों को पक्के मकान देने का वादा भी किया गया है। इसके अलावा महिला सुरक्षा, रोजगार व शिक्षा को भी प्रमुखता देने की बात की गई है।
दिल्ली के सातों लोकसभा प्रत्याशियों की उपस्थिति में यह मैनिफेस्टो जारी किया गया।
बहुत अहम हैं ये घोषणा पत्र
दिल्ली बीजेपी के घोषणा पत्र में AAP के मुद्दों की झलक साफ देखी जा सकती है। जिन मुद्दों और वादों के दम पर AAP ने दिल्ली में 28 सीटें जीती थी उन्हीं को बीजेपी ने अपने चुनावी एजेंडे में शामिल किया है। फिर चाहे वह दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की बात हो या फिर बिजली के दामों में कमी का।
बीजेपी ने ई-गर्वनेंस से भ्रष्टाचार पर लगाम, रिसायक्लिंग प्लांट के साथ ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना, यमुना की सफाई व वायु प्रदूषण कम करना, सीवरेज सिस्टम बेहतर करना, बेहतर ट्रांसपोर्टेशन की व्यवस्था, मोनो व फीडर बस चलाना, स्वाथ्य बीमा व मुफ्त उपयोगी दवा उपलब्ध कराना, खेल ग्राउंड व खेल प्रशिक्षण की सुविधा देना, मदरसा बोर्ड की स्थापना, ट्रकों व बसों के लिए नए टर्मिनल बनाना, नॉर्थ-ईस्ट के लोगों के लिए 24 घंटे की हेल्पलाइन, वैट पंजीकृत व्यापारियों को चार लाख का दुर्घटना बीमा, पेंशन राशि बढ़ाना, न्यूनतम मजदूरी कानून पर सख्ती बरतना आदि को भी चुनावी एजेंडे में शामिल किया है।
सहीं निशाने पर लगेंगे बीजेपी ये तीर?
घोषणापत्र के पिटारे में भाजपा ने दिल्ली को हैरीटेज सिटी का दर्जा दिलाने और ग्रुप हाउसिंग सोसाइटीज के रखरखाव को एमसीडी के अधीन करने का भी वादा शामिल है।
इनमें ग्रामीण इलाकों में लाल डोरा क्षेत्र बढ़ाना, नर्सरी दाखिला सुनिश्चित करना, डीयू में लागू चार वर्षीय ग्रेजुएशन कोर्स को खत्म कर फिर से तीन साल करना, अनधिकृत कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना, अत्याधुनिक बसों की संख्या बढ़ाना और हर घर को सौर ऊर्जा से रोशन करना भी शामिल है।
आय के आधार पर छात्रवृत्ति देने, महिलाओं के लिए आत्मसुरक्षा कार्यक्रम शुरू करने व वर्किंग महिलाओं के लिए हॉस्टल देने का वादा भी पार्टी ने किया है। भाजपा ने सभी जिलों में महिला थाना खोलने की बात भी की है।
AAP ने जताई खुशी
भाजपा के घोषणापत्र पर आम आदमी पार्टी का कहना है कि चुनाव में मुद्दों की बात करना भारतीय राजनीति के लिए अच्छा है। ‘आप’ प्रवक्ता अतिशी मरलेना के मुताबिक, दिल्ली के विधानसभा चुनाव में सबसे पहले आम आदमी पार्टी ने लोकल मैनिफेस्टो जारी किया था।
इसके जरिए स्थानीय समस्याओं को दूर करने की कोशिश की जा रही है। लोकसभा चुनाव में अब भाजपा प्रदेश स्तर का घोषणापत्र लेकर आई है। इस लिहाज से ‘आप’ चुनावी राजनीति में ट्रेंड सेट कर रही है। जनता भी समझ रही है कि इस तरह के सकारात्मक बदलावों के पीछे कौन काम रहा है।