फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Bharat Jodo Yatra Traffic police arrangements collapsed in front of crowd road jam for hours

भारत जोड़ो यात्रा: भीड़ के आगे ट्रैफिक पुलिस के इंतजाम हुए ध्वस्त, घंटों लगा रहा जाम, रेंगते रहे वाहन

Sun, 25 Dec 2022 04:10 AM IST
आकाश दुबे अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली Published by: आकाश दुबे Updated Sun, 25 Dec 2022 04:10 AM IST
सार

रिंग रोड, मथुरा रोड समेत कई सड़कों पर कई-कई किलोमीटर जाम में लोग फंसे रहे। यात्रा की वजह से दक्षिण-पूर्व दिल्ली के अलावा मध्य दिल्ली, नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में ट्रैफिक रेंगता रहा।

विज्ञापन
Bharat Jodo Yatra Traffic police arrangements collapsed in front of crowd road jam for hours
Bharat Jodo Yatra - फोटो : Agency

विस्तार

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान शनिवार को दिल्ली के कई मार्गाें पर जाम के कारण लोग बेहाल रहे। बदरपुर से शुरू हुई यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी पुलिस ने आसपास की सड़कों पर आवाजाही को पूरी तरह से बंद कर दिया। ऐसे में यात्रा के रास्तों में आने वाले अति व्यस्ततम चौराहे पूरी तरह से जाम रहे। 

विज्ञापन


रिंग रोड, मथुरा रोड समेत कई सड़कों पर कई-कई किलोमीटर जाम में लोग फंसे रहे। यात्रा की वजह से दक्षिण-पूर्व दिल्ली के अलावा मध्य दिल्ली, नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में ट्रैफिक रेंगता रहा। कई जगह तो दिल्ली पुलिस के जवान तक बेबस दिखाई दिए। हालांकि, जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ती गई पुलिस सड़कों को ट्रैफिक के लिए खोलती चली गई।
विज्ञापन


दिल्ली पुलिस ने यात्रा को लेकर शुक्रवार को ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की थी, जिसमें वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गाें के इस्तेमाल करने का अनुरोध किया गया था। सुबह करीब 7:10 बजे यात्रा बदरपुर बार्डर से दिल्ली की सीमा में प्रवेश कर गई। यात्रा के साथ चल रही लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मथुरा रोड एक रास्ते को पूरी तरह बंद कर दिया, लेकिन आश्रम से बदरपुर जाने वाले केरिज-वे पर ट्रैफिक चालू रहा। सरिता विहार पहुंचने पर नोएडा जाने वाली सड़क को बंद कर दिया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

मथुरा रोड पर न्यू फ्रेंड्स कालोनी में यात्रा करीब 50 मिनट तक रुकी रही तो उस समय पुलिस ने कुछ देर के लिए मथुरा रोड पर ट्रैफिक को दोबारा से चालू किया, लेकिन यात्रा शुरू होते ही उसे दोबारा से बंद कर दिया। सुबह करीब 10:25 बजे यात्रा आश्रम पहुंची। यात्रा की वजह से आश्रम चौक पूरी तरह से जाम हो गया। यहां रिंग रोड पर सराय काले खां से आश्रम और आश्रम से एम्स अस्पताल तक वाहन रेंगते रहे।

इसके बाद दोपहर करीब 1:25 बजे यात्रा दोबारा शुरू हुई। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ी पुलिस आगे के रूट को बंद करती गई। निजामुद्दीन दरगाह होते हुए यात्रा चिड़ियाघर, शेरशाह सूरी मार्ग, इंडिया गेट, पुराना किला रोड, आईटीओ और दिल्ली गेट पहुंच गई। इस दौरान ये मार्ग पूरी तरह से जाम रहे। यात्रा आईटीओ से लालकिला की ओर बढ़ी तो आईटीओ, रिंग रोड, पुरानी दिल्ली, चांदनी चौक, दरियागंज, राजघाट, यमुना बाजार, कश्मीरी गेट, गीता कालोनी विकास मार्ग दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर जाम लगा रहा। शाम करीब 4:30 बजे के आसपास यात्रा समाप्त हुई। इसके बाद भी लालकिला के आसपास लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।

इन इलाकों में यातायात रहा प्रभावित
बदरपुर फ्लाइओवर, मीठापुर चौक, पुल प्रह्लादपुर, महरौली बदरपुर रोड, अपोलो फ्लाइओवर, मथुरा रोड, क्राउन प्लाजा रेड लाइट, मां आनंदमयी मार्ग, मथुरा रोड, ओखला मोड़, मोदी मिल फ्लाई ओवर, न्यू फ्रेंड्स कालोनी, आश्रम चौक, मूलचंद, एंड्रयूजगंज, एम्स, कैप्टन गौड़ मार्ग, लाजपत नगर फ्लाइओवर, निजामुद्दीन फ्लाइओवर, सफदरजंग मदरसा, प्रगति मैदान, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, पंडारा रोड क्रासिंग, मानसिंह रोड, जसवंत सिंह रोड, मंडी हाउस, विकास मार्ग (यमुना पुल लक्ष्मी नगर), दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, मिंटो रोड, तुर्कमान गेट, राजघाट चौक, घटा मस्जिद रोड, शांति वन चौक, फतेहपुरी मस्जिद, छत्ता रेल चौक, हनुमान मंदिर, जसवंत सिंह मार्ग मंडी हाउस, दिल्ली गेेट, दरियागंज, अंसारी रोड,रंजीत सिंह फ्लाईओर, कनाट प्लेस, बाराखंभा, कश्मीरी गेट,सिविल लाइन, तीस कोर्ट रोड, रानी झांसी फ्लाईओवर।

आईटीओ पर वाहनों को लालबत्ती पर रोका
राहुल गांधी के आईटीओ चौक और दिल्ली गेट पहुंचने से पहले यातायात व्यवस्था पहले की तरह चल रही थी। राहुल के वहां पहुंचने से पहले छोटे-छोटे टुकड़ों में गुजर रहे लोगों के लिए पुलिस ने लालकिला और यमुनापार की ओर से आने वाले वाहनों को लालबत्ती पर रोक दिया। इसके बाद राहुल के आईटीओ पहुंचते ही पुलिस ने चारों तरफ से आने वाले वाहनों की आवाजाही बंद कर दी। बहादुरशाह जफर रोड पर भी ट्रैफिक रोकना पड़ा। दिल्ली गेट के पास भी चारों दिशा से आने वाले वाहनों को लालबत्ती पर ही रोक दिया गया। आईटीओ से दिल्ली गेट तक लोगों का कारवां आधे घंटे में पहुंच गया। आईटीओ से आगे निकलते ही यमुनापार और दक्षिण दिल्ली से आने वाले वाहनों के लिए आईटीओ की लालबत्ती को खोल दिया गया। वहीं, यात्रा के दिल्ली गेट से दरियागंज की ओर जाने के बाद वहां के यातायात व्यवस्था को पूर्व की तरह सुचारू किया गया।

टीशर्ट पर राहुल ने दिया जवाब
बकौल राहुल, मीडिया वाले पूछ रहे हैं कि आप टीशर्ट में क्यों घूम रहे हैं। यह सवाल किसान से क्यों नहीं पूछते, मजदूर से यही सवाल क्यों नहीं पूछते, गरीब बच्चों से यही बात क्यों नहीं करते। सभी आधे-अधूरे कपड़े में साल भर घूमते हैं। पूरा देश इसी तरह चलता है।

मेरी बहन को भी आशीर्वाद दे दो: राहुल गांधी
भारत जोड़ाे यात्रा के दौरान विश्राम स्थल आश्रम चौक स्थित जयराम आश्रम में पहुंचते ही मुख्य अधिष्ठाता ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी ने राहुल गांधी का स्वागत करने के साथ-साथ आशीर्वाद दिया। इस दौरान राहुल नेे साथ में मौजूद बहन प्रियंका गांधी को भी आशीर्वाद देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि महाराज जी, आपने मुझे तो आशीर्वाद दे दिया, आप मेरी बहन को भी आशीर्वाद दे दो।

इस मौके पर राहुल व प्रियंका को ब्रह्मचारी ने रुद्राक्ष की माला व शॉल भेंट की। इसके बाद राहुल व प्रियंका ने जयराम आश्रम स्थित मंदिर में पूजा अर्चना की। ब्रह्मचारी ने भारत जोड़ो यात्रा को देश में परिवर्तन की आंधी बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के चुनाव में इसके दीर्घकालिक परिणाम सामने आएंगे। इस दौरान दिग्विजय सिंह, जयराम रमेश, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रमोद तिवारी भी मौजूद रहे।

हजरत निजामुद्दीन की दरगाह पर चादर चढ़ाई
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान निजामुद्दीन क्षेत्र सेे गुजरनेे के दौरान राहुल गांधी ने हजरत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह पर चादर चढ़ाई। इस दौरान दिल्ली के पूर्व महापौर फरहाद सूरी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी यहां एक घर में गए। परिवार के लोगों से मुलाकात की और बच्चों के साथ फोटो कराए। बच्चों ने दरगाह पर  जाने के दौरान राहुल गांधी सेे फोटो की गुजारिश की।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed