पिटाई का बदला लेने को युवक को दौड़ा-दौड़ा कर 12 बार घोपे चाकू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुल्तानपुरी इलाके में रविवार रात एक युवक को दौड़ा-दौड़ा कर चाकू से वार कर हत्या कर दी गयी। उसपर करीब एक दर्जन बार चाकू से वार किए गए। अत्यधिक खून निकलने से युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सोमवार सुबह आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने खुलासा किया है कि पिटाई का बदला लेने के लिए उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस उपायुक्त ऋषिपाल ने बताया कि मरने वाले की शिनाख्त कुंवर सिंह नगर निवासी बिरजू(28) के रूप में हुई है।
रविवार शाम करीब सात बजे बिरजू अपने कुछ सहयोगियों के साथ शराब पी रहा था। शराब पीने के दौरान इसी इलाके के रहने वाले वेद प्रकाश से उसकी कहासुनी हो गयी। बात इतनी बढ़ गयी कि दोनों हाथापाई करने लगे। लेकिन वेद प्रकाश वहां से भागने में कामयाब हो गया।
साजिश रची और उसे फाटक के पास बुलाकर उसकी हत्या कर दी
कुछ देर बाद वेद प्रकाश ने बिरजू को रेलवे फाटक के पास बुलाया। जहां कहासुनी करने के बाद वेद प्रकाश ने बिरजू पर चाकू से हमला कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए बिरजू फ्रेंड्स एंक्लेव सुल्तानपुरी की ओर भागा लेकिन गली नंबर तीन में वह गिर गया।
उसके पीछा करते हुए वेद प्रकाश वहां पहुंचा और बिरजू पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और तब तक उसे मारता रहा जब तक वह बेसुध नहीं हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बिरजू के शव को कब्जे में कर लिया। जांच में पता चला कि बिरजू पर मियांवाली थाने में रेप और नांगलोई में शस्त्र अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज थे। तफ्तीश में पुलिस को पता चला कि शाम में बिरजू का वेद प्रकाश ने झगड़ा हुआ था। पुलिस ने वेद प्रकाश की तलाश शुरू की।
सोमवार सुबह पुलिस ने वेद प्रकाश को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से खून से सना कपड़ा और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया। जांच में पता चला कि वेद प्रकाश पर रूप नगर थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
पूछताछ में वेद प्रकाश ने बताया कि बिरजू अकसर उसके साथ मारपीट करता था। रविवार शाम को शराब पीने के दौरान उससे मारपीट की। उसके बाद उसने बिरजू की हत्या करने की साजिश रची और उसे फाटक के पास बुलाकर उसकी हत्या कर दी।