गैंगवार में एक गरीब ने गंवाई जान, बेसहारा हुआ पूरा परिवार
सेक्टर 29 थाना पुलिस ने बुधवार को गैंगवार के दौरान गोली लगने से मरे ऑटो चालक का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में इस बात का खुलासा हुआ कि गोली उसके कान के नीचे लगी थी।
शक्ति पार्क कॉलोनी में रहने वाला कमल ऑटो चलाता था। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव उसके परिजनों को सौंप दिया है। परिवार में उसकी मां है। जो एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापिका है।
उसके साथ उसका छोटा भाई कपिल भी रहता है। बुधवार को पुलिस को उसकी जेब में कपिल का आधार कार्ड मिला था। जिससे पुलिस ने मरने वाले की पहचान कपिल के नाम से की थी।
बाद में पता लगा कि उसका नाम कमल था। उसके दादा चुंगी लाल डंग ने बताया कि उसके बेटे की मौत बहुत पहले हो गई थी। परिवार को कमल चला रहा था।
घटना स्थल पर तीन तरह के खोखा मिले
गैंगस्टर राकेश पर हुए जानलेवा हमले की जांच करने वाली एफएसएल टीम को मौके पर कारतूस के तीन तरह के खोखे मिले हैं। जिससे पुलिस इस बात का अंदाजा लगा रही है कि उनके पास ज्यादा हथियार थे।
पुलिस को आस-पास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार बदमाश सुबह से ही इधर-उधर घूम रहे थे। कुछ ने तो हाफ पैंट व टी शर्ट पहन रखी थी।
गैंगस्टर राकेश के चालक हंसराज की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में रखा गया है। जहां पर उसको अभी तक होश नहीं आया है। गोली उसके सिर में लगी है।
आरोपियों के मोबाइल बंद
गैंगस्टर राकेश पर जानलेवा हमला करने वाले मामा-भांजे पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। सीआईए सहित चार टीमें छापेमारी में जुटी हैं। पुलिस को आरोपी नरेंद्र व संदीप का मोबाइल बंद मिल रहा है।
पुलिस उनके मोबाइल डिटेल के आधार पर पहले संपर्क में आये लोगों से पूछताछ कर रही है। सीआईए 46 की टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी करके छह लोगों को हिरासत मेें लिया है।
इसके साथ ही कुछ मोबाइल नंबर पर नजर रखी जा रही है। पुलिस की एक टीम ने नजफगढ़ क्षेत्र में भी छापेमारी की है। गैंगगवार में शामिल लोगों का खुलासा करने के लिए थाना प्रभारी सहित चार टीम काम कर रही हैं।
मिलने वाले इनपुट के आधार पर पूछताछ चल रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।