अटाली में सर्च अभियान का विरोध, लोगों ने लगाया जाम
सर्च ऑपरेशन में एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए तीन गांव के सैकड़ों युवा रविवार को सड़क पर उतर आए। गुस्साए युवाओं ने अलग-अलग समय पर मोहना रोड जाम कर दिया।
जाम खुलवाने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। उग्र युवाओं को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठियां पटकनी पड़ीं। दरअसल, अटाली गांव के बिगड़ते हालत पर काबू पाने के लिए शनिवार को पुलिस ने सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
इस दौरान पुलिस ने 68 लोगों को हिरासत में लिया। यह सूचना जैसे ही अन्य गांव में पहुंची, युवाओं में रोष फैल गया।
पुलिस पर लगाया एकतरफा कार्रवाई का आरोप
पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए रविवार को चंदावली, मच्छगर और दयालपुर गांव के युवाओं ने मोहना रोड जाम कर दिया।चंदावली के मुख्य बस अड्डे पर करीब 50 युवा जमा हुए।
युवाओं ने पुलिस पर ज्यादती का आरोप लगाते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुलिस बहुसंख्यकों के साथ अन्याय कर रही है।
एक जुलाई की घटना अल्पसंख्यक युवक की ओर से की गई पत्थरबाजी से शुरू हुई थी। इसकी एफआईआर भी थाने में दर्ज है। लेकिन पुलिस ने सिर्फ बहुसंख्यकों को हिरासत में लिया।
जाम की सूचना मिलते ही तीन जिप्सियों में पुलिसकर्मी गांव पहुंच गए और प्रदर्शनकारियों को समझाया। पुलिस की सख्ती को देखते हुए युवाओं ने जाम खोलने में गनीमत समझी।