{"_id":"675df0a56df35c96180bffb4","slug":"assembly-elections-new-delhi-will-be-the-hot-seat-again-this-time-too-the-contest-is-expected-to-be-interest-2024-12-15","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Assembly Elections : फिर हॉट सीट होगी नई दिल्ली, इस बार भी मुकाबला रोचक होने की उम्मीद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Assembly Elections : फिर हॉट सीट होगी नई दिल्ली, इस बार भी मुकाबला रोचक होने की उम्मीद
Sun, 15 Dec 2024 07:02 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 15 Dec 2024 07:02 AM IST
सार
यहां सियासी मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है। कांग्रेस ने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पुत्र संदीप दीक्षित को इस सीट से उम्मीदवार बनाया है।
विज्ञापन
कनॉट प्लेस, सांकेतिक चित्र...
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भाजपा के पूर्व सांसद व दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के पुत्र प्रवेश वर्मा की नई दिल्ली विधान सीट से दावेदारी ने हलचल बढ़ा दी है। यहां सियासी मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है। कांग्रेस ने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पुत्र संदीप दीक्षित को इस सीट से उम्मीदवार बनाया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी माना है कि वह खुद चौथी बार इसी सीट से चुनाव लड़ेंगे। अगर ऐसी सियासी सूरत बनती है तो एक पूर्व मुख्यमंत्री का मुकाबला दो दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटों से होगा।
विज्ञापन
दरअसल, लगातार तीन बार इस सीट का प्रतिनिधित्व करने वाली दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को 2013 विधान सभा चुनाव में शिकस्त देकर अरविंद केजरीवाल दिल्ली की सत्ता पर काबिज हुए। लगातार तीन बार चुनाव इस विधान सभा का प्रतिनिधित्व किया। इस वक्त भी यह सीट केजरीवाल के पास है। केजरीवाल ने स्वीकार किया है कि उनकी और मुख्यमंत्री आतिशी की सीट में कोई बदल नहीं होगा।
विज्ञापन
अरविंद केजरीवाल अब अगर चौथी बार इसी सीट से चुनावी मैदान में उतरते हैं तो मुकाबला दिलचस्प होगा। कांग्रेस ने इस सीट से दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को मैदान में उतार दिया है। वहीं, भाजपा से दिल्ली के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के पुत्र व पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा की मजबूत दावेदारी है। प्रवेश वर्मा ने स्वीकार भी किया कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। पार्टी मौका देगी तो वह चुनावी मैदान में उतरने को तैयार हैं।
विज्ञापन
इस सीट पर पिछले तीन कार्यकाल से आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल का कब्जा है। बकौल वर्मा, उनकी इस सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी है। सभी कार्यकर्ताओं का समर्थन है। निश्चित रूप से जीत हासिल करेंगे। जनता केजरीवाल को करारा जवाब देने के लिए दृढ़ संकल्पित है। भाजपा नेता ने यह भी अनुमान लगाया कि कांग्रेस और आप निकट भविष्य में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ सकते हैं। दोनों पार्टियां भरोसे लायक नहीं है। वह किसी समय गठबंधन की घोषणा कर सकते हैं। इससे भाजपा की दावेदारी और भी मजबूत होगी।
इससे पहले बृहस्पतिवार कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के लिए 21 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की, उसमें नई दिल्ली विधानसभा सीट के लिए संदीप दीक्षित को मैदान में उतारा गया। संदीप दीक्षित ने आम आदमी पार्टी की आलोचना करते कहा कि अत्यधिक भ्रष्ट पार्टी है। दीक्षित ने दिल्ली सरकार की घोषित ''''महिला सम्मान योजना'''' की तीखी आलोचना की है। उनका दावा है कि यह चुनावी हथकंडा से ज्यादा कुछ नहीं है। सवाल किया कि आम आदमी पार्टी ने इसे पहले क्यों नहीं लागू किया। पंजाब में भी यही वादा किया गया हारने के डर से उन्होंने ''''महिला सम्मान योजना'''' की घोषणा की है है।
भाजपा ने अधिकारिक तौर पर प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है
प्रत्याशियों की सूची फिलहाल भाजपा ने जारी नहीं की है। अभी प्रत्याशियों के नाम पर सर्वे और मंथन की प्रक्रिया चल रही है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व लोकसभा की कार्यवाही में व्यस्त है। इसके बाद ही प्रत्याशियों की सूची जारी होगी। प्रवेश वर्मा के नई दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के दावे से इस क्षेत्र में काम करने वाले नेताओं को काफी निराशा हासिल हुई है। इस सीट से पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव और आम आदमी पार्टी से भाजपा में शामिल हुए विनोद बिन्नी दावेदारी ठोक रहे थे। भाजपा सूत्रों का कहना है कि प्रवेश वर्मा को अपने संसदीय क्षेत्र के किसी एक विधानसभा को चुनाव लड़ने के लिए दावा करना चाहिए।