कोरोना वायरस: बंद होने के कगार पर एशिया की सबसे बड़ी मंडी, दहशत में कारोबारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप की वजह से एशिया की सबसे बड़ी मंडी आजादपुर बंद होने के कगार पर है। अधिकतर व्यापारियों ने संक्रमण के डर के साथ ही मंडी प्रशासन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर कारोबार बंद कर दिया है। हालांकि मंडी प्रशासन का दावा है कि सभी दुकानें खुल रही हैं और आवश्यक खाद्य पदार्थ की बिक्री में इजाफा हुआ है।
आवश्यक खाद्य पदार्थों की बिक्री करने की स्वीकृति तो सरकार ने दी है, लेकिन व्यापारी अपने स्वास्थ्य को लेकर सचेत हैं। आजादपुर मंडी में पिछले दिनों कोरोना वायरस की वजह से एक कारोबारी की मौत और दो लोगों के संक्रमित होने के बाद डर का माहौल है।
ऐसी स्थिति में विक्रेताओं ने भी मंडी से से दूरी बना ली है। मंडी में करीब 1422 दुकानें हैं, जिनमें से करीब 438 दुकानें चार लाइसेंस वाली हैं।
मंडी में डर का माहौल, कई दुकानें बंद: मल्होत्रा
एग्रीकल्चर प्रोडक्ट्स मार्केटिंग कमेटी (एपीएमसी) के सदस्य अनिल मल्होत्रा ने बताया कि कोरोना से कारोबारी की हुई मौत के बाद मंडी में डर का माहौल है। डी-ब्लॉक की 292 दुकानें बंद हैं। इसी तरह बी-ब्लॉक की कई दुकानें भी बंद हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की नीतियों के कारण व्यापार बंद हो रहा है।
एक भी मेडिकल सेंटर मंडी में नहीं है। शुक्रवार को जांच टीम जरूर पहुंची थी, लेकिन वह महज एक दिखावा था। बिना वजह पांच हजार रुपये का चालान किया जा रहा है। एक व्यापारी हरवीर सिंह ने बताया कि मंडी में 900 से अधिक छोटी दुकानें है। यहां खुदरा व्यापार भी होता है। माल नहीं मिलने के कारण वे अपनी दुकानें बंद रखने को मजबूर है।
जिनके लाइसेंस बने हुए हैं वह डर के कारण मंडी नहीं पहुंचते हैं। व्यापारी राजीव ने बताया कि रात में डी-ब्लॉक की दुकानें बंद हो जाती हैं। इसके बाद सन्नाटा छा जाता है। फलों की दुकानें बंद हैं। सिर्फ अनार व आम की दुकानें खुली हैं। सोमवार से यह भी बंद हो जाएंगे।
सोशल डिस्टेंसिंग का नहीं हो रहा पालन
दिल्ली सरकार ने कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कई कदम तो उठाए हैं। इसके बावजूद भीड़ के सामने सभी नियम छोटे पड़ रहे हैं। आजादपुर मंडी 24 घंटे खुल रही है। व्यापारी, आढ़ती, पल्लेदार व मजदूरों के बीच सामाजिक दूरी के नियम का पालन नहीं हो रहा है। सब्जियों और फलों से लदे ट्रक और टेंपो शनिवार को भी जाम में फंसे रहे।
आवक में 30 फीसदी का इजाफा: आदिल अहमद
एपीएमसी के चेयरमैन आदिल अहमद खान ने कहा है कि मंडी अन्य दिनों की तरह खुली रही। मंडी में फल और सब्जियों की आवक में कोई कमी नहीं है। आवक में लगभग 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फल और सब्जियों के रेट भी सामान्य हैं। कोरोना से बचने के लिए मंडी में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।