एक और आप विधायक पर मारपीट का आरोप, थाने में शिकायत के बाद हुआ समझौता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
त्रिलोकपुरी से आम आदमी पार्टी के विधायक राजू धींगान पर पड़ोसी युवक ने पिटाई का आरोप लगाया और मयूर विहार थाने में शिकायत दे दी।
लेकिन स्थानीय लोगों के दबाव के बाद पीड़ित ने शिकायत वापस लेकर विधायक से समझौता कर लिया। जानकारी के अनुसार, पीड़ित विकास अपनी मां और बड़े भाई के साथ 22 ब्लॉक त्रिलोकपुरी में रहता है।
इसी ब्लॉक में आप विधायक राजू धींगान भी रहते हैं। मंगलवार रात 8.30 बजे विकास विधायक के घर के सामने से गुजर रहा था। इस बीच उसका पैर एक चादर में फंस गया।
विधायक पर मारपीट और गालीगलौच का आरोप
इस पर वहां खड़े लोगों ने विकास को डांटना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी बीच विधायक भी वहां पहुंच गए पहले उन्होंने विकास के साथ गलागलौच की। बाद में उसे पीटना शुरू कर दिया।
विधायक के पीटने पर वहां मौजूद उनके समर्थकों ने भी विकास को पीटकर उसकी शर्ट भी फाड़ दी। इसके बाद विकास अपनी मां और भाई के साथ मयूर विहार थाने पहुंचा और विधायक के खिलाफ लिखित में शिकायत दे दी।
लेकिन मोहल्ले के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने विकास की एमएलसी भी करा ली। लेकिन अन्य लोगों के दबाव में विकास ने अपनी शिकायत वापस लेकर समझौता कर लिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक विधायक ने इसके लिए परिवार से माफी भी मांगी है। वहीं विधायक ने युवक को पीटने से इनकार किया है।