दिल्ली: डेंगू से गई एक और मासूम की जान
दिल्ली सरकार एक ओर निर्देश जारी कर रही है कि डॉक्टर छुट्टी नहीं लेंगे और ना ही किसी मरीज को भर्ती करने से मना करेंगे, वहीं दिल्ली के एक बड़े अस्पताल की लापरवाही से एक और मासूम की मौत हो गई है।
दिल्ली के लाडोसराय के बाद अब श्रीनिवासपुरी में भी अस्पतालों की लापरवाही व अनदेखी के चलते एक 6 वर्षीय मासूम की डेंगू से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार छह साल के अमन ने जब बुखार की शिकायत की तो उसे श्रीनिवासपुरी स्थित गोदरेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, वहां डेंगू के टेस्ट में वह पॉजिटिव पाया गया।
सफदरजंग अस्पताल ने कहा नहीं है डेंगू
डेंगू टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद गोदरेज अस्पताल में सुविधाएं न होने के कारण अमन को सफ़दरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। विडंबना यह रही कि सफदरजंग में उसे डेंगू होने से इंकार किया गया।
जब अमन की तबियत बिगड़ने लगी तो उसे जीवन अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां तीन दिन भर्ती रहने के बाद अस्पताल ने उसके उचित इलाज में असमर्थता जता दी।
इसके बाद अमन के माता-पिता ने मूलचंद अस्पताल, बत्रा अस्पताल और मैक्स अस्पताल में बात की। इन सभी अस्पतालों ने बेड की कमी की वजह से बच्चे को भर्ती करने से इनकार कर दिया। फिर जैसे-तैसे होली फैमिली अस्पताल में अमन को भर्ती कराया गया, जहां क़रीब 12 घंटे के इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।