Delhi: अमानतुल्लाह का बिजनेस पार्टनर हामिद अली भी गिरफ्तार, एसीबी की शिकायत पर तीन केस दर्ज
आप विधायक के बिजनेस पार्टनर हामिद अली को साउथ ईस्ट दिल्ली पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। इससे पहले एसीबी ने शुक्रवार को उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली वक्फ बोर्ड में हुए घोटाले के आरोप गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान के करीबियों पर जामिया नगर थाने में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पहले मामले में एसीबी अधिकारियों ने विधायक की पत्नी सफिया खान, बेटे, भाई व अन्यों पर बंधक बनाकर मारपीट करने, धक्का-मुक्की और सरकारी कागजात छीनने का आरोप लगाया है। एसीबी के इंस्पेक्टर की शिकायत पर पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने, ड्यूटी के दौरान हमला करने, बंधक बनाने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
वहीं, दो अन्य मामले विधायक के करीबी व बिजनेस पार्टनर हामिद अली खान व कौसर इमाम सिद्दीकी उर्फ लड्डन के खिलाफ दर्ज किए गए हैं। दोनों के खिलाफ अवैध हथियार व कारतूस रखने का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस ने हामिद (54) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कौसर की तलाश की जा रही है। हमले में एसीबी के दो एएसआई को मामूली चोट लगी थी।
विधायक की पत्नी, बेटे, भाई व अन्यों पर हमले का आरोप
एसीबी में तैनात इंस्पेक्टर आनंद प्रकाश का आरोप है कि शुक्रवार दोपहर वह एसीपी राजेंद्र कुमार, महिला एसआई लीला डबराल, एएसआई चार्ली, दलजीत सिंह रंधावा व अन्यों के साथ जोगाबाई एक्सटेंशन स्थित विधायक के घर तलाशी के लिए पहुंचे। पहली मंजिल पर दरवाजा खटखटाने पर विधायक के भाई ने दरवाजा खोला। इस बीच विधायक की पत्नी सफिया भी वहां आ गई। कागजात दिखाने के बाद घर की तलाशी की बात की गई तो विधायक की पत्नी भड़क गई।
उन्होंने अपने बेटे को आवाज देखकर लोगों को इकट्ठा करने के लिए कहा। कुछ ही देर में विधायक के घर के बाद 40-50 लोग इकट्ठा हो गए। इन लोगों ने जबरन टीम को बाहर निकालकर धक्कामुक्की व मारपीट शुरू कर दी। बाद में विधायक के घर के नीचे बने बेसमेंट में बंधक बना लिया। करीब 15-20 मिनट वहां बंधक बनाकर बदसलूकी की गई। उनसे एक लिफाफा और फाइल छीन ली गई।
बाद में जामिया नगर थाना पुलिस वहां पहुंची तो उन्हें बचाया गया। मारपीट और हमले में एएसआई चार्ली और दलजीत सिंह रंधावा को चोट लगी। मारपीट में जुहैब खान व आरिज खान के नाम पता चल गए हैं। बाकी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
हामिद के घर से मिली इटली की पिस्टल
एसीबी के एसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि गफ्फूर नगर निवासी हामिद अली खान विधायक का करीबी व बिजनेस पार्टनर है। टीम का उसके घर की तलाशी ली में इटली की ब्रेटा पिस्टल, 8 एमएम के छह कारतूस, 7.65 के 10 कारतूस व 16 छर्रे आदि बरामद हुए हैं। अवैध पिस्टल होने के कारण हामिद को गिरफ्तार किया गया।
कौसर के घर से मिला तमंचा व तीन कारतूस
एसीबी के इंस्पेक्टर राजेश सिन्हा ने बताया कि विधायक के करीबी बिजनेस पार्टनर कौसर के घर पर छापे में तमंचा व तीन कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में जामिया नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कौसर की तलाश की जा रही है।
अवैध हथियार के अलावा 24 लाख हुए थे बरामद
एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि अमानतुल्लाह को शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। बाद में गिरफ्तारी की गई। एसीबी की टीम ने विधायक व उनके करीबियों के घर पर छापे मारे थे। चार जगह मारे गए छापों में टीम ने हथियारों के अलावा 24 लाख रुपये बरामद किए थे। 12 लाख हामिद व 12 लाख कौसर के यहां से बरामद हुए।
विधायक ने खुद पर लगे आरोपों को गलत बताया
कोर्ट में पेशी के दौरान अमानतुल्लाह खान ने खुद को बेकसूर बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी को बदनाम करने की नीयत से ऐसा किया जा रहा है, जो एफआईआर उनके खिलाफ दर्ज की गई है, उसमें दम नहीं है। घर से भी एसीबी को कुछ नहीं मिला। विधायक ने हामिद और कौसर को करीबी होने की बात से इनकार किया है। उन्होंने कहा वह उनके बिजनेस पार्टनर नहीं हैं। हथियार मिलने की बात से भी विधायक ने पल्ला झाड़ लिया।
पत्नी ने पुलिस पर हमले की बात से किया इनकार
एसीबी की टीम पर हमले की बात को विधायक की पत्नी सफिया खान ने गलत बताया है। उनका का कहना है कि वीडियो से इसकी पुष्टि की जा सकती है। वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि टीम को उनके घर से कुछ नहीं मिला है। सफिया ने मीडिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि बदनाम करने की नियत से जानबूझ कर गलत खबरें दिखाई जा रही हैं।