दिल्ली की हवा सुधरी: तेज हवाओं ने धोया प्रदूषण, एक दिन में 81 अंक गिरा AQI, अब खराब श्रेणी में पहुंची बयार
दिल्ली में बुधवार को एक्यूआई 255 दर्ज किया गया, जो हवा की खराब श्रेणी में आता है। यह मंगलवार की तुलना में 81 अंक की गिरावट दर्शाता है। हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में गुरुग्राम सबसे प्रदूषित शहर रहा।
विस्तार
राजधानी में चल रही तेज हवाओं ने प्रदूषण को धो दिया है। ऐसे में बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 255 दर्ज किया गया। यह हवा की खराब श्रेणी है। इसमें मंगलवार की तुलना में 81 सूचकांक की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर, एनसीआर में गुरुग्राम की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 267 दर्ज किया गया, यह हवा की खराब श्रेणी है। वहीं, नोएडा में 217, गाजियाबाद में 267 और ग्रेटर नोएडा में 189 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके अलावा, फरीदाबाद की हवा सबसे साफ रही। यहां सूचकांक 136 दर्ज किया गया। यह हवा की मध्यम श्रेणी है।
दिल्ली में वायु गुणवत्ता प्रबंधन के लिए निर्णय सहायता प्रणाली के अनुसार, वाहन से होने वाला प्रदूषण 12.64 फीसदी रहा। इसके अलावा पेरिफेरल उद्योग से 10.19, आवासीय इलाकों से 3.22, निर्माण गतिविधियों से 1.70 और कूड़ा जलाने से होने वाले प्रदूषण की 1.20 फीसदी की भागीदारी रही। सीपीसीबी के अनुसार, बुधवार को हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे के गति से चली।
वहीं, अनुमानित अधिकतम मिश्रण गहराई 1200 मीटर रही। इसके अलावा, वेंटिलेशन इंडेक्स 6000 मीटर प्रति वर्ग सेकंड रहा। दूसरी ओर, शाम चार बजे हवा में पीएम10 की मात्रा 143.3 और पीएम2.5 की मात्रा 97.8 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने की आशंका है।