लापता AN-32 पर सवार लेफ्टिनेंट आशीष की घर वापसी को लेकर हो रहा यज्ञ, मां रो-रोकर कह रही एक ही बात
मेरे बेटे को कोई ढूंढ कर मेरे पास ला दो, मुझे मेरा बेटा चाहिए, कहीं से भी किसी भी तरह से मेरे बेटे को ढूंढ कर लाओ, मुझे कुढ नहीं चाहिए। रोते-रोते इन बातों को कहते हुए बेहोश सी हो जाती है।
जोरहाट से उड़ान भरने के बाद लापता हुए वायुसेना के परिवहन विमान एएन-32 में जहाज पर सवार फ्लाइट लेफ्टिनेंट आशीष तंवर की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मां सरोज देवी भगवान से अपने बेटे के सकुशल लौटने की दुआ मांग रही है। लापता पायलट आशीष तंवर की मां ही नहीं, बल्कि उनके परिवार, गांव व पलवल के लोग भी उनके सकुशल लौटकर आने की दुआ मांग रहे हैं।
यहां आर्य युवक परिषद के तत्वावधान में चल रहे युवा चरित्र निर्माण शिविर में भी बृहस्पतिवार को हुए 11 कुंडीय यज्ञ में समाज के लोगों ने आहुति डाल आशीष तंवर के लिए दुआ मांगी। उसकी मां रोते-रोते मीडिया के द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मांग कर रही है कि उसके बेटे की खोज तेज कराई जाए तथा लापता हुए विमान का पता लगाया जाए।
परिजनों ने की चीन सरकार से बात की भी अपील
वहीं आशीष तंवर के परिजनों का कहना है कि विमान की लोकेशन आखिरी बार चीन की सीमा में पाई गई थी, तो केंद्र सरकार को चीन सरकार से बात कर वहां भी विमान का पता लगाना चाहिए। परिजनों को यह भी शंका है कि कहीं विमान को चीन में प्रवेश करने पर हमला कर गिरा तो नहीं दिया और उसमें सवार उनके पुत्र आशीष व अन्य अधिकारियों को बंधक तो नहीं बना लिया।
असम गए हुए हैं परिजन
आशीष के पिता राधेलाल व चाचा शिव नारायण अपने बेटे के लापता होने की सूचना मिलने के बाद असम पहुंच चुके हैं। जबकि आशीष की पत्नी संध्या वहीं पर मौजूद हैं।
वे सभी अधिकारियों के संपर्क में है तथा आशीष को खोजने के लिए अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं। बताया गया कि सर्च अभियान में मदद तो मिल रही है, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। अभी तक न तो विमान का मलबा मिला है और न ही आशीष व उनके अन्य साथियों का कोई सुराग मिला है।
माता-पिता का अकेला बेटा है आशीष
लापता फ्लाइट लेफटीनेंट आशीष तंवर अपने माता-पिता का अकेला बेटा है। शुरू से ही मेधावी व होनहार रहा आशीष तंवर सेंट्रल स्कूल मेरठ से 12वीं पास करने के बाद कानपुर से कंप्यूटर साईंस में बीटेक की डिग्री लेने के बाद ही वायु सेना में शामिल हो गया था। आशीष की मां सरोज का कहना है कि उसका बेटा लोकसभा चुनावों में मोदी के लिए अपना वोट देने छुट्टी लेकर आया था।
घर पर लगा हुआ है लोगों का तांता
आशीष तंवर के विमान सहित लापता होने की सूचना मिलने के बाद से ही उसके घर पर रिश्तेदारों के अलावा जिले के लोगों का तांता लगा हुआ है। लोग वहां पहुंच रहे हैं तथा उसके परिजनों को सांत्वना देने के साथ ही पूरी जानकारी हासिल करने में भी लगे हैं। महिलाएं भी काफी संख्या में पहुंचकर उसकी मां को सांत्वना दे रही हैं तथा उनके परिवार के दुख में शामिल हो रही हैं।
आशीष के पिता सेवानिवृत्त सूबेदार राधेलाल का कहना है कि उनके पुत्र व विमान में शामिल अन्य अधिकारियों को खोजने का काम जारी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं उनका बेटा सकुशल लौट आए।