एम्स : महिला को दिल के ऑपरेशन के लिए मिली वर्ष 2025 की डेट
-13 साल से इलाज करा रही यूपी के मेरठ निवासी महिला ने प्रबंधन से की शिकायत
विस्तार
देश के सबसे बड़े चिकित्सीय संस्थान एम्स में मरीजों की अत्यधिक संख्या के कारण वेटिंग का सिलसिला जारी है। यूपी के मेरठ से दिल का ऑपरेशन कराने दिल्ली आई महिला को एम्स ने वर्ष 2025 में आकर ऑपरेशन कराने के लिए कहा है। संस्थान में लंबी वेटिंग का हवाला देते हुए उन्हें कहीं और जाकर इलाज कराने का विकल्प भी दिया गया है।
मरीज 32 वर्षीय नसरीन मेरठ की रहने वाली हैं और बीते 13 साल से एम्स में इलाज करा रही हैं। नसरीन का कहना है कि एम्स के डॉक्टरों ने बताया है कि उनके हार्ट के वॉल्व सिकुड़ चुके हैं। ऐसे में जल्द से जल्द सर्जरी की जरूरत है। एम्स में सर्जरी की डेट 2025 की मिलेगी। डॉक्टरों ने नसरीन को सफदरजंग, आरएमएल या जीबी पंत अस्पताल में जाकर प्रयास करने की सलाह तक दे दी।
नसरीन का कहना है कि एम्स के डॉक्टरों के कहने पर वह जीबी पंत अस्पताल गईं, लेकिन वहां भी उन्हें कम से कम एक साल वेटिंग के लिए कहा गया। इसके बाद वह मेरठ लौट गईं। वह बताती हैं कि कुछ-कुछ दिन बाद जब एम्स में डॉक्टर बुलाते थे तो वह मेरठ से दिल्ली आती थीं।
अब कुछ दिन पहले डॉक्टरों ने सर्जरी कराने के लिए कहा, लेकिन डेट 2025 की दे दी। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण नसरीन आए दिन दिल्ली में चक्कर काट रही हैं। आर्थिक कमजोर मरीजों के लिए बनाई गई ईडब्ल्यूएस कमेटी के सदस्य और वकील अशोक अग्रवाल से उन्होंने शिकायत की।
इसके बाद अशोक अग्रवाल ने न सिर्फ प्रबंधन को पत्र लिखा, बल्कि दिल्ली के सरकारी अस्पतालों के वर्तमान हालात पर अफसोस भी जताया। अशोक अग्रवाल का कहना है कि सरकारी अस्पतालों की स्थिति बेहद खराब है। यहां लोगों को महत्वपूर्ण सर्जरी के लिए भी छह-छह साल की वेटिंग मिलती है। इसके बावजूद दावे यहां सबसे बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के होते हैं।
