पूर्व सीजेआई के बाद अब मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के साथ ठगी
-आरोपियों ने कड़कड़डूमा कोर्ट के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के खाते को हैक कर निकाले 35 हजार रुपये
-सीबीआई आवासीय कांप्लेक्स के एटीएम बूथ का किया गया इस्तेमाल, पुलिस ने किया मामला दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के साथ हुई ठगी का मामला अभी सुलझा भी नहीं है कि अब कड़कड़डूमा कोर्ट के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट (एमएम) के साथ ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने एमएम के बैंक खाते को हैक कर वारदात को अंजाम दिया। रविवार देर रात उनके मोबाइल पर खाते से रुपये निकलने का मैसेज आया तो उन्होंने तत्काल अपना कार्ड बंद कराया। एमएम मुनीश गर्ग ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कभी भी खाते से संबंधित जानकारी किसी को नहीं दी। वह इंटरनेट बैंकिंग भी इस्तेमाल नहीं करते हैं। फर्श बाजार थाना पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मुनीश गर्ग परिवार के साथ कड़कड़डूमा आवासीय कांप्लेक्स में रहते हैं और कड़कड़डूमा कोर्ट में एमएम हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार देर रात उनके मोबाइल पर बैंक खाते से 10 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। उन्होंने अपना एटीएम व डेबिट कार्ड को चेक किया तो वह उनके पास था। एमएम ने तुरंत पंजाब नेशनल बैंक के कस्टमर केयर अधिकारी से बात की तो उन्हें पता चला कि उनका खाता हैक हो गया है।
खाते से 10 हजार के अलावा 4 और अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 25 हजार रुपये निकाले गए थे। यह रुपये सीबीआई कांप्लेक्स से निकाले गए। पुलिस ने मुनीश गर्ग की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने डेबिट कार्ड की क्लोनिंग कर वारदात को अंजाम दिया। जहां से रुपये निकाले गए उस एटीएम बूथ के सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है। बता दें कि पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस आरएम लोढ़ा के साथ भी जालसाजों ने एक लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस आरोपियों का अभी तक सुराग नहीं लगा सकी है।