शादी के बाद पति-पत्नी को ऑनर किलिंग का खतरा
दनकौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में कोर्ट मैरिज करने वाले दंपति ने एसएसपी को शिकायत देकर ऑनर किलिंग की आशंका व्यक्त की है।
दंपति ने आरोप लगाया है कि परिजनों की ओर से जान से मारने की धमकी मिल रही है। शुक्रवार को एसएसपी ने इस मामले की जांच करने और उनकी सुरक्षा को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, एक कंप्यूटर कोचिंग इंस्टीट्यूट में दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया था। इसकी जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने युवती का घर से निकलना बंद कर दिया।
परिजनों से मिल रही धमकी
इस पर युवक और युवती ने भागकर कोर्ट मैरिज कर ली। कुछ दिन तक दोनों बाहर रहे तो युवती के परिजनों ने युवक के खिलाफ युवती को भगाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करा दी।
इस पर प्रेमी युगल ने कोर्ट मैरिज की जानकारी और युवती के बालिग होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को दंपति की तरह रहने की अनुमति मिल गई।
दंपति ने दनकौर में ही रहना शुरू कर दिया। अब उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है।