नोएडा में 6 बिल्डर्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, बायर्स की शिकायत के बाद 13 FIR दर्ज
गाढ़ी कमाई खर्च कर वर्षों से आशियाने का सपना देख रहे फ्लैट खरीदारों की शिकायत और तीन मंत्रियों के समूह के निर्देश पर ग्रेटर नोएडा व नोएडा के विभिन्न थानों में 6 बिल्डरों के खिलाफ 13 एफआईआर दर्ज की गई हैं। बिसरख कोतवाली में आठ शिकायतें दर्ज हुई हैं।
इनमें से आम्रपाली बिल्डर के खिलाफ सात व सेक्टर-49 में भी आम्रपाली के खिलाफ एक रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, सूरजपुर, कासना, एक्सप्रेसवे व फेज-3 कोतवाली में एक-एक एफआईआर दर्ज की गईं हैं।
ग्रेटर नोएडा पहुंचे यूपी सरकार के मंत्री सुरेश राणा, सुरेश खन्ना और सतीश महाना ने फ्लैट के लिए वर्षों से चक्कर लगा रहे खरीदारों से मुलाकात की थी। खरीदारों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री ने पुलिस को आरोपी बिल्डरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया था।
इसके बाद शुक्रवार को एसएसपी लव कुमार ने खरीदारों से प्राप्त शिकायतों को संबंधित थानों में भेजकर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। अब खरीदारों की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खरीदारों का आरोप है कि लाखों रुपये देने के बावजूद बिल्डरों ने न तो उन्हें फ्लैट मुहैया कराया है और न ही प्रोजेक्ट पर निर्माण कार्य पूरा किया है।
जबकि बिल्डर ने प्रोजेक्ट में क्लब, मनोरंजन, खेल सुविधा, जॉगिंग ट्रैक, एंपीथियेटर, बास्केटबॉल, बॉलीवाल, टेनिस कोर्ट आदि सुविधा देने का प्रलोभन देकर फ्लैट बुक किए थे। अधिकांश खरीदारों का आरोप है कि उनका 80 से 90 फीसदी रुपये बिल्डर के पास पहुंच चुका है। आम्रपाली के अधिकतर प्रोजेक्ट अधूरे पड़े हैं।
इनके खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
बिसरख कोतवाली में आम्रपाली के सीएमडी अनिल शर्मा, निदेशक शिव प्रिया व मोहित गुप्ता के खिलाफ ड्रीम वेली के 34 खरीदारों ने संयुक्त रूप से रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जबकि आम्रपाली के ही सीएमडी व निदेशकों पर लेजर पार्क, सेक्ट बरोना, लेजर वेली, गोल्फ होम्स, सन सेंचुरियन पार्क, आम्रपाली रिवर्स प्रोजेक्ट के खरीदारों ने भी बिसरख कोतवाली में 7 रिपोर्ट दर्ज कराई हैं। बिसरख कोतवाली में ही सुपरटेक बिल्डर के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
वहीं, सूरजपुर कोतवाली में एल्पायन रियलटेक प्राईवेट लिमिटेड के एकदंत वेलफेयर प्रोजेक्ट, कासना कोतवाली में बीआरयूवाई लिमिटेड के टेक्नोसिटी अपार्टमेंट प्रोजेक्ट, सेक्टर 49 थाने में आम्रपाली बिल्डर के सिलिकॉन सिटी प्रोजेक्ट, एक्सप्रेसवे थाने में टूडे होम व फेज-3 थाने में जेएनसी द पार्क अवेन्यू बिल्डर के खिलाफ खरीदारों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जंतर-मंतर पर गरजेंगे एकदंत बिल्डर के बायर्स
एकदंत वेलफेयर सोसायटी के ज्वाइंट सेक्रेटरी प्रिंस शर्मा ने बताया कि लगभग 90 फीसदी भुगतान के बावजूद एकदंत प्रोजेक्ट के 500 खरीदार फ्लैट के लिए भटक रहे हैं। डेढ़ साल से प्रोजेक्ट का निर्माण और बिल्डर का दफ्तर बंद है। बिल्डर से खरीदारों से रुपये लेने के साथ ही बैंक से भी ऋण लिया हुआ है। बैंक ने उक्त प्रोजेक्ट पर अपना नोटिस चस्पा कर दिया है।
आरोपी बिल्डर पर कार्रवाई और फ्लैट की मांग को लेकर एकदंत प्रोजेक्ट के बड़ी संख्या में खरीदार रविवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। प्रिंस शर्मा ने बताया कि वह पूर्व में सूरजपुर कोतवाली से लेकर एसएसपी कार्यालय तक प्रदर्शन कर चुके हैं।