Delhi Crime: सरपंच प्रत्याशी की गोली मारकर हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार; मुठभेड़ में एक अन्य बदमाश पकड़ा
लोनी के महमूदपुर गांव में सरपंच चुनाव के प्रत्याशी प्रमोद कसाना की गोली मारकर हत्या करने वाले इनामी बदमाश को साथियों संग पूर्वी जिला के एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वायड (एएटीएस) ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इस संबंध में तीन आरोपियों को दबोचा है।
आरोपियों के पास से एक तमंचा, दो कारतूस और चोरी की एक कार बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव भाइसरवाली, तिगांव, फरीदाबाद निवासी सुमित, गांव नखडोला, खेड़की डोला, मानेसर, गुरुग्राम हरियाणा निवासी विकास और दिल्ली निवासी इनके साथी गुरविंदर उर्फ सोनू के रूप में हुई है। आरोपी सुमित की गिरफ्तारी पर यूपी पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अपूर्वा गुप्ता ने बताया कि एएटीएस में तैनात एसआई मनोज सोलंकी को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए चिल्ला फ्लाईओवर के पास पार्किंग में इकट्ठा होने वाले हैं। खबर मिलने के बाद फौरन इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, मनोज सोलंकी व अन्यों की टीम का गठन किया गया। टीम ने सोमवार को पार्किंग के पास ट्रैप लगा दिया। इस बीच आरोपी मारुति स्विफ्ट कार में वहां पहुंचे। उन्हें काबू करने का प्रयास किया तो सुमित ने तमंचा निकालकर एसआई मनोज पर तान दिया। गोली चलाने से पहले सुमित ने आरोपी को काबू कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी की कार, तमंचा और कारतूस बरामद किए।
छानबीन के दौरान पता चला कि आरोपियों के पास से बरामद कार को पलवल सदर थाना क्षेत्र से चोरी किया गया था। आरोपी कार को बेचने की फिराक में थे। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि सुमित फरीदाबाद के गैंगस्टर बिन्नू भाइसरवाली गैंग का सदस्य है। वह बिन्नू जैसा ही बनना चाहता था। प्रमोद की हत्या के बाद विकास ने उसे पनाह दी गई थी। विकास अपने गांव में टेंट हाउस चलाता है। फिलहाल सुमित, विकास और गुरविंदर उर्फ सोनू मिलकर अपराध कर रहे थे। गुरविंदर का मायापुरी मार्केट में कबाड़ के वाहन खरीदने का कारोबार है।
पूछताछ में सुमित ने खुलासा किया है कि अपने दोस्त महमूदपुर निवासी सचिन कसाना व उसके भाई कपिल कसाना के कहने पर उसने सरपंच प्रत्याशी प्रमोद कसाना की हत्या की थी। प्रमोद अपने गांव का पूर्व प्रधान रह चुका था। अब वह दोबारा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। पुलिस तीनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
मुठभेड़ में बदमाश धरा, पैर पर लगी गोली
उधर, द्वारका जिले के छावला में मंगलवार सुबह बदमाश से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। खुद को घिरता देखकर बदमाश ने गोली चला दी। एक गोली हवलदार भूपेंद्र सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में टांग पर पुलिस की गोली लगने से बदमाश रवि शर्मा (26) घायल हो गया। उसे आरटीआरएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस को आरोपी के पास से पिस्टल, दो कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने एएसआई बहादुर सिंह के बयान पर हत्या के प्रयास, सरकारी काम में बाधा और ड्यूटी के दौरान हमला करने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने 7 फरवरी को घुम्मनहेड़ा गांव में गोली चला दी थी। पुलिस के मुताबिक, छावला थाने में तैनात एएसआई बहादुर सिंह व अन्यों की टीम को सूचना मिली कि घुम्मनहेड़ा गांव में गोली चलाने वाला बदमाश बडुसराय नाले के पास आने वाला है। पुलिसकर्मी बाइक व सरकारी जिप्सी पर सवार होकर मौके पर पहुंच गए।
हवलदार की जान बुलेटप्रूफ जैकेट से बची
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6:25 बजे लाल रंग की बाइक पर बदमाश आया। उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जिप्सी से उसका रास्ता रोकने पर आरोपी बाइक समेत गिर गया। इसके बाद उठकर वह खेतों की ओर भागने लगा। हवलदार भूपेंद्र सिंह व एएसआई बहादुर सिंह उसके पीछे भागे तो उसने गोली चला दी जो भूपेंद्र की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। भूपेंद्र ने भी सरकारी पिस्टल से बदमाश की टांग पर गोली मार दी। इसके बाद रवि को अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुटी है।