‘आप’ ने बनाया एक और क्रांति का प्लान, बंटेगी नमक की थैली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विजय के बाद आम आदमी पार्टी के हौसले बुलंद हैं। अब वह हरियाणा में पुरजोर तरीके से अपना पैर पसारना चाहती है। इसका आगाज 21 फरवरी को मेवात के गांव रेवासन से होगा। आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रभारी योगेन्द्र यादव ‘जय किसान आंदोलन’ की शुरूआत यही से करेंगे।
इसके बाद यह आंदोलन पूरे हरियाणा में चलाया जाएगा। इसका मकसद किसानों की समस्याओं और मांगों को आंदोलन का रूप देना है। जिससे केंद्र और राज्य सरकार पर दबाव बनाया जा सके।
‘जय किसान आंदोलन’ के प्रथम चरण में भूमि अधिग्रहण कानून का मुद्दा उठाया जाएगा। इसके बाद खाद और बीज वितरण की खराब स्थित को भी आंदोलन का रूप दिया जाएगा। आम आदमी पार्टी का मकसद किसानों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पैठ बनाना है।
मेवात में आम आदमी पार्टी के नेता व राष्ट्रीय कार्यकारिणी में संस्थापक सदस्य रमजान चौधरी ने बताया कि पार्टी प्रदेश संगठन को मजबूत बनाएगी। इस आंदोलन के दौरान देखा जाएगा कि कौन किस प्रकार से काम कर रहा है। इसी आधार पर उन्हें दायित्व सौंपा जाएगा।
आंदोलन का रोडमैप तैयार
रमजान चौधरी ने बताया कि आम आदमी पार्टी की ओर से ‘जय किसान आंदोलन’ के दौरान प्रदेश के सभी 10 सांसदों के घर नमक की थैली दी जाएगी। उन्हें यह बताया जाएगा कि उन्होंने किसानों का नमक खाया है। जिसका हक उन्हें अदा करना चाहिए।
चौधरी ने बताया कि मंगलवार को इस आंदोलन का रोडमैप तैयार किया गया। मेवात के गांव रेवासन में 21 को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा इसके बाद गुड़गांव पहुंच कर स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह के घर नमक की थैली भेंट की जाएगी।
आम आदमी पार्टी में अभी जिला स्तर पर जिला संयोजक, जिला सचिव और जिला पार्टी प्रवक्ता का पद है। आने वाले दिनों में संगठन को नई ऊर्जा से भरने की योजना है।