दिल्ली: आप सांसद संजय सिंह के घर पर हमला, नेमप्लेट पर पोती कालिख, एफआईआर दर्ज, दो गिरफ्तार
आरोपी युवकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 188/34 और दिल्ली संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 2007 की धारा तीन के तहत मामला दर्ज किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली में मंगलवार दोपहर को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब दो युवकों ने आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के आवास की नेम प्लेट पर कालिख पोत दी। उस समय सांसद प्रेसवार्ता कर रहे थे और मीडियाकर्मी वहां मौजूद थे। नार्थ एवेन्यू थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी युवकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 188/34 और दिल्ली संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 2007 की धारा तीन के तहत मामला दर्ज किया गया है। संजय सिंह ने कुछ दिन पहले ही राम जन्मभूमि ट्रस्ट की जमीन खरीद में घोटाले का आरोप लगाया था। उन्होंने आरोप लगाया है आरोपी उनके घर में घुस रहे थे। नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवकों ने मीडिया में प्रचार पाने के लिए ऐसा किया है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार आप सांसद संजय सिंह के 129, नार्थ एवेन्यू स्थित सरकारी आवास पर मंगलवार दोपहर को प्रेस वार्ता हो रही थी। तभी खानपुर निवासी अमित दुबे (32) और पहाड़गंज निवासी सुरेंद्र (30) वहां कालिख लेकर पहुंच गए। जैसे ही मीडियाकर्मी बाहर निकले तो आरोपी युवकों ने सांसद के आवास की नेमप्लेट पर कालिख पोत दी। इससे मीडिया का ध्यान आरोपी युवकों की तरफ चला गया।
मौके पर मौजूद आप कार्यकर्ता व सांसद के कर्मचारियों ने दोनों युवकों को पकड़कर नार्थ एवेन्यू थाना पुलिस के हवाले कर दिया। युवकों का कहना है कि पिछले साल नई दिल्ली में पश्चिमी बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक के आवास की नेमप्लेट पर कालिख पोत दी गई थी। ये मामला मीडिया में काफी उछला था। इस तरह मीडिया की सुर्खियां बटोरनी के लिए उन्हों ने कालिख पोती है।
नई दिल्ली जिला डीसीपी दीपक यादव का कहना है कि किसी को किसी तरह की चोट नहीं लगी है। मामला दर्जकर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के घर व मोबाइल को वेरीफाई करवाया जा रहा है।
अभी किसी पार्टी से संबंध सामने नहीं आया है
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों का अभी किसी पार्टी व संगठन से संबंध सामने नहीं आया है। पुलिस दोनों युवकों के मोबाइल नंबर व घर के पत्ते को वेरीफाई कर रही है। दोनों ही युवक दोस्त हैं और मेडिकल प्रतिनिधि की नौकरी करते हैं।
घर के अंदर घुस रहे थे
हालांकि घटना के समय आप सांसद संजय सिंह के घर पर मीडिया मौजूद थी। मगर सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर आकर कालिख पोतने की घटना का खुलासा किया। इसके बाद दिल्ली पुलिस में हड़कंप मच गया। संजय सिंह ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक उन पर हमला करने के लिए उनके घर में घुस रहे थे। मगर उनके साथियों ने आरोपियों को रोक लिया। राज्य सभा सांसद संजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि मेरे घर पर हमला हुआ है। कान खोलकर सुन लो भाजपाइयों। चाहे जितनी गुंडागर्दी कर लो प्रभु श्री राम के नाम पर बनने वाले मंदिर में चंदा चोरी नही करने दूंगा। इसके लिए चाहे मेरी हत्या हो जाए।
वीडियो संदेश भी जारी किया
सांसद ने एक वीडियो संदेश में कहा है कि मैं अपने नॉर्थ एवेन्यू के आवास पर हूं, मेरा आवास राष्ट्रपति भवन से महज 100 मीटर की दूरी पर है, मगर अभी मेरे घर पर हमला हुआ है, मैं बहुत साफतौर पर कहना चाहता हूं भारतीय जनता पार्टी से और उनके गुंडों से कि आप चाहे जितने हमले करवा वो, चाहे मेरी हत्या करवा लो, मगर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के नाम पर बनने वाले मंदिर में अगर चंदा चोरी करोगे तो एक नहीं हजार बार बोलूंगा।