‘आप’ की NC बैठक में लोकपाल को आने से मना किया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी ने अपने आंतरिक लोकपाल एडमिरल रामदास को शनिवार को होने वाली राष्ट्रीय परिषद की बैठक में आने से मना कर दिया है।
सूत्र बताते हैं कि पार्टी के सचिव पंकज गुप्ता ने रामदास को एसएमएस करके इसकी सूचना दी है कि आपका कार्यकाल खत्म हो गया है, लिहाजा परिषद में शामिल न हों।
उधर, संजय का दावा एनई के लिए यादव ने सुझाए थे ये नाम
पृथ्वी रेड्डी, विजय नायर, मीरा सान्याल, आतिशी मरलेना, गुल पनाग, दयामनि बारे, राहुल मेहरा, राघव चड्ढा, किरन विस्सा, मारुति भाप्कर।
राष्ट्रीय परिषद की बैठक में हो सकता है हंगामा
आप की राष्ट्रीय परिषद में करीब 300 सदस्य हैं। दिल्ली से लगभग 50 सदस्य हैं। बाकी अन्य सदस्य दूसरे राज्यों से हैं। शनिवार को राष्ट्रीय परिषद की बैठक कापसहेड़ा के नजदीक फन एंड फूड विलेज में होनी प्रस्तावित है। दोनों गुटों ने अपने-अपने करीबी लोगों को बुला रखा है। सोशल मीडिया के जरिए लॉबिंग की जा रही है।
योगेंद्र यादव ने शुक्रवार को कहा कि टीम केजरीवाल ने अपने सभी विधायकों को भी बैठक में बुलाया है। इतना ही नहीं, सूचना मिली है कि विधायकों को 50-50 लोगों को भी लाने को कहा गया है। वहीं, संजय सिंह ने कहा कि पिछली बैठक में उनके लोग आए थे। इसे सबने देखा था। फिर वही चीज दुहराई जा सकती है। दोनों गुटों के समर्थकों के आमने-सामने में बैठक स्थल पर भारी हंगामा होने की आशंका जताई जा रही है।
क्या क्या कर सकती है पार्टी की राष्ट्रीय परिषद्
-नई राष्ट्रीय कार्यकारणी का चयन कर सकती है
-किसी भी सदस्य को हटाने व नियुक्त करने का अधिकार
-पार्टी के संविधान में संशोधन
-देश हित पर पार्टी की क्या नीति और रीति होगी, यह भी तय करने की शक्ति है।
केजरीवाल को दी थी यूपी के डॉन ने धमकी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को यूपी के एक बड़े डॉन ने जान से मारने की धमकी दी थी। गरीबों को राशन का हक दिलाने की लड़ाई के दौरान 2002-03 में यूपी के डॉन ने कहा राशन का धंधा मेरा है। अगर हो हल्ला नहीं छोड़ा तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे। इस धमकी का खुलासा खुद अरविंद केजरीवाल ने ई राशन कार्ड सेवा के उद्घाटन कार्यक्रम में किया। इस तरह से ई राशन कार्ड सेवा शुरू करने वाला दिल्ली पहला राज्य बन गया है।
केजरीवाल ने यहां तक कहा कि गरीबों को राशन दिलाने की लड़ाई में संतोष और चंद्र समेत कुछ कार्यकर्ताओं पर सात बार हमले हुए। केजरीवाल ने राशन दुकानदारों से चेतावनी दी कि अगर राशन की चोरी की तो जेल जाना पड़ेगा। भगवान भी नहीं बचा सकता। आपकी समस्या है तो हमें बताएं, समाधान करेंगे।
वहीं मंत्री आसिम अहमद खान, संसदीय सचिव मनोज कुमार ने खाद्य आपूर्ति विभाग में राशन कार्ड बनाने में पैसे के लेनदेन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ई राशन कार्ड विधायकों के दफ्तर में जाकर भी निकलवा सकते हैं। मुख्य सचिव ने बताया कि राशन जब लेंगे तो एसएमएस से सूचना आएगी, इससे चोरी रुकेगी।
दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में केजरीवाल ने सबसे पहले ई राशन कार्ड दरियागंज की रेशमा को वहीं प्रिंट आउट निकालकर दिया। धमकी देने वाले डॉन के नाम का खुलासा नहीं किया, लेकिन यह कहा कि गरीबों का राशन जो मारेगा, उसे जेल जाना पड़ेगा।
राशन की अपनी पुरानी लड़ाई का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आरटीआई में रिकॉर्ड मांगते थे तो रिकॉर्ड में गरीबों को राशन मिल गया, लेकिन राशन कार्ड का पन्ना खाली पड़ा होता था, कार्रवाई की मांग पर अधिकारी आश्वासन दे देते थे।
मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार को लेकर अपनी थ्योरी भी मंच से बताई। उन्होंने कहा कि 10 फीसदी लोग जन्मजात ईमानदार होते हैं। दस फीसदी बेईमान होते हैं और 80 फीसदी हवा के साथ बहने वाले होते हैं। अभी तक हवा खराब थी तो उधर जा रहे थे। अब आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, हवा अच्छी है तो 90 फीसदी ठीक हो जाएंगे। बाकी 10 फीसदी जो नहीं सुधरेंगे, उन्हें डंडा ठीक करेगा। जो सुधर नहीं सकते, वो दुकान छोड़ दें।
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि ई राशन कार्ड, ई पोर्टल सब कुछ सपने जैसा है। राशन की लड़ाई में हमारी कार्यकर्ता संतोष का राशन माफिया ने दो बार हमला करके गला काट दिया। राशन की चोरी के लिए कार्ड की चोरी साजिश है।
पहले राशन दुकानदार कहते थे, पैसा ऊपर तक जाता है। अब ये तो नहीं कह सकते। न मैं लेता हूं, न ही हमारे खाद्य आपूर्ति मंत्री पैसा लेते हैं, न मुख्य सचिव और न ही सचिव साहब। तो यह पता करना पड़ेगा कि कहां जाता है। गरीबों को हक दिलाएंगे। राशन चोरी करने वालों को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
-अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री