'आस' की महिला विंग ने घेरा केजरीवाल का घर
आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली में फिलहाल अपनों से ही घिरती दिख रही है। गुरुवार देर रात द्वारका में एक महिला के साथ टैक्सी ड्राइवर द्वारा बलात्कार की घटना सामने आने के बाद आम आदमी सेना (AAS) की महिला विंग ने शनिवार को केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन किया।
बता दें कि आम आदमी सेना असल में आम आदमी पार्टी से ही पैदा हुई शाखा है। आस की शिकायत है कि आप ने चुनाव से पहले महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई वादे किए थे लेकिन उन्हें पूरा करने में वही पूरी तरह विफल हुई है।
शनिवार सुबह से ही आम आदमी सेना की महिला विंग की कार्यकर्ता दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर जमा हो गईं और प्रदर्शन शुरु कर दिया।
इससे पहले गुरुवार को भाजपा ने भी तुर्कमान गेट मामले पर केजरीवाल के घर के बाहर व्यापक प्रदर्शन किया था। भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार भी करनी पड़ी थी।
अस्थाई टीचरों ने डिप्टी सीएम को घेरा
इधर अस्थाई शिक्षकों ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री का घेराव किया और नियमित करने की मांग की। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने अपने चुनावी प्रचार के दौरान अस्थाई लोगों को स्थाई करने का वादा किया था।
इस मामले में अस्थाई टीचरों ने खून से लिखा पत्र भी केजरीवाल को भेजा था जिसमें उन्होंने अपनी मांगों के बारे में उन्हें अवगत कराया था।
अस्थाई अध्यापकों को डर है कि सत्र समाप्त होने के साथ ही उनकी सेवा भी समाप्त की जा सकती है। नौकरी पर मंडरा रहे इस खतरे से परेशान शिक्षकों ने शनिवार को उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का घेराव कर अस्थाई अध्यापकों को स्थाई करने की मांग की।